टांडा (धार)।- टांडा नगर की सबसे पुरानी और सबसे अधिक खाताधारकों वाली यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा पिछले करीब तीन माह से शाखा प्रबंधक के अभाव में संचालित हो रही है। प्रबंधक के नहीं होने से बैंक आने वाले ग्राहकों को कई कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन कई ग्राहक बैंक संबंधी कार्य पूरे नहीं होने के कारण निराश होकर लौटने को मजबूर हैं। जानकारी के अनुसार शाखा प्रबंधक लोकेश शर्मा करीब तीन माह पूर्व स्वास्थ्य खराब होने के कारण अवकाश पर गए थे। इसके बाद वे टांडा शाखा में वापस नहीं लौटे। सूत्रों के अनुसार उनका अन्यत्र स्थानांतरण हो चुका है, लेकिन उनकी जगह अभी तक नए शाखा प्रबंधक की नियुक्ति नहीं की गई है। ऐसे में बैंक के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। टांडा की यूनियन बैंक शाखा से क्षेत्र के करीब 52 गांवों के हजारों खाताधारक जुड़े हुए हैं। आसपास के कई गांवों में बैंक की अन्य शाखा नहीं होने के कारण वहां के लोग भी बैंकिंग कार्यों के लिए टांडा आते हैं। प्रतिदिन करीब 15 से 20 ग्राहक बंद खाते चालू करवाने सहित विभिन्न कार्यों के लिए बैंक पहुंचते हैं।ग्राहकों के अनुसार लोन संबंधी कार्य, डिमांड ड्राफ्ट, एफडी, ई-केवाईसी तथा शाखा प्रबंधक से संबंधित अन्य कार्यों के लिए उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। कई ग्राहक 10 से 20 किलोमीटर दूर से बैंक के काम के लिए टांडा पहुंचते हैं, लेकिन काम नहीं होने पर उन्हें वापस लौटना पड़ता है।वर्तमान में शाखा में कैशियर के अलावा केवल एक अधिकारी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी इस क्षेत्र के लिए नए हैं। ऐसे में सीमित कर्मचारियों के कारण बैंकिंग कार्यों का दबाव बढ़ गया है और ग्राहकों को समय पर सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। ग्राहकों का कहना है कि पूर्व में जब बैंकिंग कार्य अपेक्षाकृत कम होते थे, तब भी शाखा प्रबंधक के अवकाश पर जाने पर वैकल्पिक व्यवस्था कर दी जाती थी। इसके बावजूद अब करीब तीन माह से शाखा प्रबंधक का पद रिक्त रहना चिंता का विषय है। मीसाबंदी नरवरसिंह चौहान की पत्नी श्रीमती चंदा चौहान का पेंशन प्रकरण स्वीकृत हो चुका है, लेकिन शाखा प्रबंधक के नहीं होने के कारण पेंशन शुरू नहीं हो सकी है। इसी तरह खाताधारक राजेश मांझी, विनोद राठौड़, जग्गू सेंगर सहित कई ग्राहक बैंक संबंधी कार्यों के लिए लगातार शाखा के चक्कर लगा रहे हैं।ग्राहकों और नगरवासियों ने यूनियन बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए टांडा शाखा में शीघ्र स्थायी शाखा प्रबंधक की नियुक्ति करने की मांग की है, ताकि ग्राहकों को राहत मिल सके और बैंकिंग सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
यूनियन बैंक टांडा में तीन माह से प्रबंधक नहीं, खाताधारक परेशान, बैंकिंग कार्य हो रहे प्रभावित