नई दिल्ली/एवियन। फ्रांस के एवियन में चल रहे 52वें G7 समिट के वर्किंग सेशन में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंच गए हैं। इस सत्र का विषय ‘सभी के हित में संतुलित, समावेशी और टिकाऊ आर्थिक विकास को फिर से गति देना’ है।समिट के पहले दिन मंगलवार को मोदी ने होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय नागरिकों की मौत का मुद्दा उठाया था। आउटरीच सेशन में उन्होंने कहा था कि इस अहम समुद्री मार्ग में कई भारतीयों ने जान गंवाई है और वैश्विक व्यापार को जोड़ने वाले नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी देशों की जिम्मेदारी है।
मोदी ने यह भी कहा था कि होर्मुज स्ट्रेट में पैदा हुए संकट और समुद्री व्यापार में आई रुकावट का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। उस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी सेशन में मौजूद थे और पीएम मोदी के पास बैठे थे।व्हाइट हाउस के मुताबिक, बुधवार शाम दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हो सकती है। इसमें भारत-अमेरिका ट्रेड डील, निवेश और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।