बड़नगर। मेवाड़ा माली समाज, बड़नगर के तत्वावधान में 21 अप्रैल को समाज का 16वां सामूहिक विवाह सम्मेलन शंकर बावड़ी परिसर में पूरी भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक सम्मेलन में समाज के 6 जोड़ों ने सादगी और अटूट एकता के संकल्प के साथ अपने दांपत्य जीवन का शुभारंभ किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संजय जलिया (प्रदेश अध्यक्ष, संयुक्त माली समाज राष्ट्रीय फूले ब्रिगेड) एवं विशेष अतिथि के रूप में बड़नगर विधायक जितेन्द्र उदयसिंह पण्ड्या उपस्थित रहे।
समाज अध्यक्ष नारायण खटया एवं कोषाध्यक्ष जगदीश धुसरिया ने समाज को कड़ा और स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि समाज का वास्तविक उत्थान केवल बड़े आयोजनों से नहीं, बल्कि वैचारिक क्रांति और सामूहिक शक्ति से संभव है। यह 16वां सामूहिक विवाह सम्मेलन इस बात का प्रमाण है कि हमारा समाज अब दिखावे की राजनीति और फिजूलखर्ची से ऊपर उठकर, एकता के सूत्र में बंधकर आगे बढ़ रहा है। हम आने वाली पीढ़ी के लिए एक ऐसा मजबूत समाज छोड़कर जाएंगे, जो शिक्षित भी होगा और संगठित भी। शिवसेना नगर अध्यक्ष एवं सम्मेलन के मीडिया प्रभारी संतोष बगेरवाल ने कहा कि मेवाड़ा माली समाज का यह गौरवशाली संकल्प अटूट है। सामूहिक मंच से विवाह करना किसी मजबूरी का नहीं, बल्कि हमारी प्रगतिशील सोच और स्वाभिमान का प्रतीक है। समाज की इस सेवा यात्रा में हर कदम पर हम साथ खड़े हैं।
सम्मेलन के अंत में सभी दानदाताओं, युवाओं और समाजजनों का आभार व्यक्त किया गया।
मेवाड़ा माली समाज के सम्मेलन में 6 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे