इंदौर। पलासिया इलाके में करीब 20 दिन पहले PWD की महिला इंजीनियर द्वारा आत्महत्या के प्रयास के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने उनके पति के खिलाफ प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। मायके पक्ष की शिकायत और आरोपों के बाद मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई थी। जांच के बाद पलासिया पुलिस ने गुरुवार देर रात पति के खिलाफ FIR दर्ज की।पुलिस के मुताबिक आरती यादव ने अपने सरकारी क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। उन्हें उनके पति निलेश यादव अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां अगले दिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पति-पत्नी दोनों PWD में पदस्थ-आरती PWD में वरिष्ठ इंजीनियर के पद पर पदस्थ थीं, जबकि उनके पति निलेश यादव भी PWD में कार्यरत हैं। घटना के बाद आरती के भाई उपेन्द्र ने दोनों के बीच लंबे समय से तनाव होने का आरोप लगाया था। मायके पक्ष ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की थी।आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच के लिए SIT गठित की। जांच के दौरान परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान लिए गए। दंपती की दोनों बेटियों के बयान भी पुलिस ने दर्ज किए।