मंदिर में खोया 5 लाख का हीरे जड़ा ब्रेसलेट:उठाने वाले को CCTV से पहचाना, 40 किमी.दूर बरामद

उज्जैन।महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार को दर्शन के दौरान एक श्रद्धालु का करीब 5 लाख रुपए कीमत का हीरे जड़ा ब्रेसलेट गुम हो गया। मंदिर प्रशासन और आईटी शाखा की सक्रियता से ब्रेसलेट महज डेढ़ घंटे में 40 किलोमीटर दूर तराना क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर श्रद्धालु को लौटा दिया गया।जानकारी के मुताबिक इंदौर से आए श्रद्धालु देर रात बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका कीमती ब्रेसलेट मंदिर परिसर में कहीं गिर गया। ब्रेसलेट गायब होने का पता चलते ही उन्होंने मंदिर की आईटी शाखा को सूचना दी।सूचना मिलते ही मंदिर समिति के कर्मचारी निर्मल सांखला, एसटीएफ के रोहित ठाकुर और इंदर सिंह मेवाड़ा ने तत्काल मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। मॉनिटरिंग टीम ने बारीकी से रिकॉर्डिंग की जांच की।आईटी शाखा अधिकारी दीपक परमार ने बताया कि फुटेज में एक व्यक्ति ब्रेसलेट उठाकर उसे जेब में रखते हुए नजर आया। वह व्यक्ति ब्रेसलेट जमा कराने के बजाय मंदिर परिसर से बाहर निकल गया था। इसके बाद टीम ने लगातार कैमरों के जरिए उसकी पहचान और लोकेशन ट्रेस की।जांच में पता चला कि संदिग्ध व्यक्ति तराना क्षेत्र का रहने वाला है। सूचना मिलते ही मंदिर प्रशासन की टीम तुरंत तराना पहुंची और उसके पास से ब्रेसलेट सुरक्षित बरामद कर लिया।पूरी कार्रवाई बेहद तेजी से की गई और करीब डेढ़ घंटे के भीतर श्रद्धालु को उनका कीमती ब्रेसलेट वापस सौंप दिया गया। सुरक्षा कारणों से श्रद्धालु की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment