उज्जैन । आम वाहन चालक को हेलमेट के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस मुख्यालय की कवायद जारी है। इसी के तहत एक बार फिर से 15 दिवसीय अभियान की शुरूआत की गई है। इस दौरान पकडे गए तो 300 रूपए चालानी कार्रवाई होना है। उज्जैन में 4 टीमें इसके लिए बनाई गई है। इस दौरान वाहन चालक ने अगर गडबड की तो पुलिस उसके लायसेंस निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित करेगी।
डीएसपी यातायात दिलीप सिंह परिहार के अनुसार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर रविवार से अभियान की शुरूआत कर दी गई है। इसके लिए चार टीमें बनाई गई हैं जो शहर के अलग-अलग प्रमुख चौराहे पर उपस्थित रहकर बगैर हेलमेट वाहन चालन करने वालों को पकड कर उन पर चालानी कार्रवाई करेगी। इस दौरान वाहन चालक के गडबड करने पर उसके खिलाफ लायसेंस निलंबन की कार्रवाई भी प्रस्तावित की जाएगी। श्री परिहार के अनुसार आम वाहन चालक में हेलमेट धारण के लिए जन जागरूकता के तहत यह अभियान 26 अप्रेल से पुलिस अधीक्षक उज्जैन के निर्देशन में शुरू किया गया है। पीएचक्यू ने 26 अप्रैल से 10 मई तक विशेष अभियान चलाकर हेलमेट चेकिंग के निर्देश दिए हैं।
हेलमेट को लेकर सख्ती-
दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनने को लेकर एक बार फिर सख्ती की जाएगी। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस अधीक्षकों के निर्देशन में चलाया जाएगा। पुलिस मुख्यालय द्वारा राज्यभर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान 26 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य रूप से लागू कराया जाएगा।
एडीजी पीटीआरआई पीएचक्यू के निर्देश-
26 अप्रेल से 10 मई तक अभियान के लिए एडीजी पीटीआरआई पुलिस मुख्यालय विवेक शर्मा ने निर्देश जारी किए हैं। निर्देश के तहत बताया गया है कि प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी और हेलमेट का उपयोग न करना है। आंकड़ों के अनुसार, लगभग 50 प्रतिशत मृतकों में दोपहिया चालक शामिल होते हैं, जो हेलमेट नहीं पहनते। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। इसके तहत वाहन चालकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों, कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पीओएस मशीन उपयोग से लायसेंस निलंबन –
अभियान के दौरान पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। हेलमेट नहीं पहनने वाले चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ-साथ पीओएस मशीन के माध्यम से अधिक से अधिक ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।