*बुरहानपुर।, बुरहानपुर जिले की खकनार पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बड़वानी जिले के ओझर नागलवाड़ी से हथियार खरीदने आया था।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने साईंबाबा स्कूल के पीछे दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा। उसके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं।
*13 पिस्टल, 45 कारतूस और बाइक जब्त-पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान शक्ति सिंह पिता बादल सिंह पटवा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 13 हाथ से बनी देसी पिस्टल, 1 खाली मैगजीन, 45 जिंदा कारतूस और 1 मोटरसाइकिल बरामद की गई।
जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 4.72 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे 2 दिन की रिमांड पर लिया है।*पेड़ के नीचे हथियार लेकर बैठा था आरोपी-मंगलवार दोपहर 3 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी प्रदीप शेंडे ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खकनार थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि साईंबाबा स्कूल के पीछे एक पेड़ के नीचे एक व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।एएसपी शेंडे ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने ये हथियार कहां से खरीदे थे और इन्हें आगे कहां पहुंचाना था। पूछताछ के जरिए अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।