इंदौर।एमआईजी थाना क्षेत्र में 13 साल के नाबालिग की एक युवक ने बिल्डिंग की छत पर हत्या कर दी और लाश को फ्लैट में रखे पलंग में छिपा दिया। वह पुलिस को गुमराह करने के लिए उनके साथ-साथ ही घूमता रहा ताकि उस पर शंका ना हो। पुलिस को उसकी हरकतों पर शंका हुई तो उससे पूछताछ शुरू की, जिसमें उसने वारदात को करना बताया।एमआईजी थाना टीआई सीबी सिंह ने बताया कि श्रीनगर कांकड इलाके में रहने वाला 13 वर्षीय नाबालिग शुक्रवार रात को अचानक लापता हो गया था। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। उन्होंने देर रात थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वहीं शुक्रवार रात को एक बिल्डिंग से किसी के चिल्लाने के आवाज आने पर लोगों ने डायल 112 को भी सूचना दी थी, लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो किसी ने कुछ नहीं बताया था। शनिवार को बिल्डिंग की छत पर नाबालिग का जैकेट मिला, जिस पर खून के दाग थे और छत पर भी खून के निशान मिले। इस पर पुलिस की टीम ने तुरंत सर्चिंग शुरू की।
बिल्डिंग के फ्लैटों में घुसे, बंद फ्लैटों के ताले तोड़े नाबालिग की तलाश में पुलिस ने श्रीदेवी अपार्टमेंट में बने फ्लैटों की सर्चिंग शुरू की। पुलिस ने कई फ्लैटों को चेक किया। जिन फ्लैट में ताले लगे थे उनके ताले भी तोड़े गए और वहां भी पुलिस टीम ने सर्चिंग की। इसके साथ ही पुलिस ने नाबालिग की तलाश के लिए डॉग की भी मदद ली। कुछ घंटों की मेहनत के बाद पुलिस को नाबालिग का शव पलंग के अंदर बरामद हुआ।