उज्जैन। श्री महाकाल मंदिर की सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर मंदिर प्रबंध समिति हाई अलर्ट पर देखी जा रही है। निजी सुरक्षा कंपनी के गार्डों को विश्व विद्यालय से प्रशिक्षण दिलवाने के साथ ही मंदिर समिति ने उन्हें मुस्तैद रहने की हिदायत दी है। मंदिर प्रबंध समिति प्रशासक ने गार्डों को सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर हिदायत दी है।शनिवार से श्री महाकाल मंदिर की व्यवस्था मंदिर प्रबंध समिति की और से हाई अलर्ट पर ली गई है। इसके लिए अबकी बार मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक ही सुरक्षा गार्डों से सीधी बात कर रहे हैं और उन्हें निर्देश दे रहे हैं। मंदिर प्रबंध समिति के पास वर्तमान में निजी सुरक्षा कंपनी के करीब 800 सुरक्षा गार्ड हैं। इसके साथ ही अल्प समय में यहां करीब 400 से अधिक होमगार्ड की तैनाती का प्लान भी लागू होने की जानकारी सामने आ रही है। मंदिर क्षेत्र एवं महाकाल महालोक में 500 हाईटेक सीसी टीवी और कृत्रिम बुद्धिमता आधारित “त्रिनेत्र” सिस्टम* से फेस रिकग्निशन, वाहन नंबर ट्रैकिंग और भीड़ का एनालिसिस हो रहा है। मंदिर में फर्जी वीआईपी पास जैसे मामलों के बाद सुरक्षा जांच और सख्त की गई है
प्रशासक ने सुरक्षा गार्डों को दो समय दिए निर्देश-श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने शनिवार को दो समय मंदिर परिसर एवं दर्शन मार्ग पर कार्यरत सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धालुओं को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति अथवा अप्रत्याशित परिस्थिति में तत्काल मंदिर कंट्रोल रूम से समन्वय स्थापित कर समस्या का समाधान किया जाए। सुरक्षाकर्मी अपने दायित्वों का सजगता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें तथा किसी भी स्थिति में दर्शन व्यवस्था बाधित न होने दें। रात्रिकालीन शिफ्ट के सुरक्षाकर्मी सतर्क रहें, श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराएं। उन्होंने सभी सुरक्षाकर्मियों को निर्देशित किया कि वे ड्यूटी के दौरान सतर्क एवं सजग रहें, आपसी समन्वय बनाए रखें तथा मंदिर कंट्रोल रूम के सतत संपर्क में रहें। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल समन्वय करते हुए स्थिति को प्रभावी ढंग से संभालने के लिए तत्पर रहें। श्रद्धालुओं के साथ मधुर एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए उन्हें सुगमता से दर्शन कराने में अपनी भूमिका निभाएं।
सुरक्षा गार्ड की 5 बेच प्रशिक्षित-
श्री महाकालेश्वर मंदिर के 800 सुरक्षाकर्मियों को अवंतिका विश्व विद्यालय में व्यवहार एवं भीड़ प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण जारी है। 5 बेच से अधिक को प्रशिक्षित किया गया है। श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं सकारात्मक दर्शन अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदिर प्रबंध समिति द्वारा सुरक्षाकर्मियों के लिए विशेष व्यावहारिक प्रशिक्षण दिलवाया जा रहा है। विश्वविद्यालय के उपकुलपति नितिन राणा, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के डीन डॉ. प्रोफेसर अजीत उपाध्याय के मार्गदर्शन में सुरक्षाकर्मियों को सॉफ्ट स्किल, श्रद्धालुओं से मधुर एवं सकारात्मक व्यवहार, भीड़ प्रबंधन, कतार प्रबंधन तथा दर्शन व्यवस्था के दौरान प्रभावी संवाद का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 22 सितंबर से जारी इसमें प्रतिदिन 100 सुरक्षाकर्मियों को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।प्रशिक्षण प्रतिदिन 100 सुरक्षाकर्मियों को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक दिया जाएगा। आगामी 8 दिवसों में कुल 800 सुरक्षाकर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सकारात्मक एवं सुखद वातावरण में भगवान श्री महाकालेश्वर जी के सुगम दर्शन कराना है।