इंदौर। बाणगंगा इलाके के एक ई-रिक्शा चालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जाता है कि सामने से आ रहे दूसरे वाहन को बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा पलट गया था। इसके बाद घायल चालक को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 24 जुलाई की शाम की है। बाणगंगा ब्रिज के पास कपिल (38) पुत्र रमेश रमनवाल, निवासी पंचम की फेल, का ई-रिक्शा अचानक पलट गया था। हादसे में उसके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। कपिल को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार देर रात उसकी मौत हो गई।पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिवार के मुताबिक, कपिल पिछले कुछ वर्षों से ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। परिवार में दो बच्चे, माता-पिता और एक भाई हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।