जिले में 300 पुलिस जवानों ने रातभर की सघन कॉम्बिंग गश्त: बदमाशों पर कसा शिकंजा

शाजापुर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से शाजापुर पुलिस ने एक व्यापक अभियान छेड़ा है। अपराधियों के हौसले पस्त करने और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए 19-20 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि को जिलेभर में पुलिस का बड़ा एक्शन देखने को मिला। रात के अंधेरे में जब शहर सो रहा था, तब 300 से अधिक पुलिसकर्मियों की फौज सड़कों पर अपराधियों की धरपकड़ कर रही थी। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से रातभर आपराधिक तत्वों में भारी दहशत का माहौल रहा।वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद संभाला मोर्चा-यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। इस महा-गश्त में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों सहित 300 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि गश्त पर निकलने से पहले खुद एसपी ने सभी टीमों को जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए ब्रीफ किया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने रातभर जागकर विभिन्न थाना क्षेत्रों का सघन भ्रमण किया और पुलिस टीमों का ग्राउंड जीरो से मार्गदर्शन किया।रातभर चली धरपकड़, वारंटियों और बदमाशों पर कसा शिकंजा-इस कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर बड़ी सफलताएं हासिल कीं। टीमों ने पूरी रात कार्रवाई करते हुए 48 स्थायी वारंटियों और एक लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। इसके अलावा 102 अन्य गिरफ्तारी वारंट भी तामील कराए गए। अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ भी सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 5 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment