खरगोन। जैतापुर थाना क्षेत्र में युवती से छेड़छाड़ के आरोपी का पुलिस ने जुलूस निकाला। आरोपी को जिला अस्पताल में मेडिकल के बाद न्यायालय पेश करने के लिए पुलिस पैदल लेकर पहुंची। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर रास्तेभर सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए लोगों से माफी मांगते नजर आया। पुलिस की इस कार्रवाई की इलाके में काफी चर्चा रही। पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के बीच यह जुलूस मुख्य मार्गों से गुजरा, जहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे।जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोरिया ने बताया मोतीपुरा निवासी अक्षय सोनी को छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है। पीडि़त महिला ने पुलिस को शिकायत की थी कि अक्षय कुछ दिनों से उसका पीछा कर रहा है। शनिवार को उसने खंडवा रोड़ स्थित एक होटल के समीप बुरी नियत से महिला का हाथ पकड़ा, अश्लील ईशारे करने के साथ ही गाली-गलौच भी की थी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अक्षय को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
छेड़छाड़ के आरोपी का पुलिस ने निकाला जुलूस, रास्तेभर आरोपी मांगता रहा माफी