इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक ओर पानी का संकट लगातार गहराता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर भूजल स्तर में गिरावट के संकेत भी सामने आ रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण एयरपोर्ट रोड पर बन रही मेट्रो की अंडरग्राउंड टनल में देखने को मिला है। यहां जमीन से करीब 70 फीट नीचे तक खुदाई करने के बावजूद पानी नहीं मिला। टनल में अब तक लगभग 120 मीटर तक खुदाई की जा चुकी है, लेकिन शुरुआती भूगर्भीय परतों में सिर्फ सूखी मिट्टी ही मिली है।
यह स्थिति इसलिए भी चिंताजनक मानी जा रही है, क्योंकि इंदौर में एक लाख से अधिक बोरिंग के जरिए भूजल का दोहन किया जा रहा है। शहर की बढ़ती आबादी और पानी की खपत के बीच लगातार जमीन से पानी निकाला जा रहा है। कई इलाकों में हालात ऐसे हैं कि लोगों की जरूरत पूरी करने के लिए हाइड्रेंट से टैंकर भरकर बस्तियों तक पानी पहुंचाना पड़ रहा है। ऐसे में मेट्रो की खुदाई के दौरान पानी नहीं मिलना भूजल की स्थिति को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बड़े गणपति स्टेशन पर भी खुदाई में नहीं मिला था पानी -एयरपोर्ट रोड पर सामने आई यह स्थिति पहली नहीं है। इससे पहले मेट्रो के बड़े गणपति स्टेशन के निर्माण के दौरान भी जमीन की खुदाई में पानी के बजाय सूखी मिट्टी निकली थी।
अब एयरपोर्ट की तरफ बन रही अंडरग्राउंड टनल में भी लगभग वैसी ही स्थिति सामने आई है। इस मामले में मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का कहना है कि संबंधित क्षेत्र की एक्वीफर स्टडी कराने की जिम्मेदारी नगर निगम की है।
इसके लिए निगम की टीम को भेजा गया है, ताकि भूजल की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
बिना एनओसी और फ्लो मीटर के हो रहा भूजल का दोहन-शहर में भूजल के लगातार इस्तेमाल के बीच नियमों की अनदेखी का मामला भी सामने आया है। हाल ही में केंद्रीय भूजल बोर्ड की टीम ने इंदौर के अलग-अलग स्थानों का निरीक्षण किया था।
इस दौरान कई जगह भूजल दोहन से जुड़े नियमों का पालन नहीं होना पाया गया। जांच में एक निजी कॉलेज में प्रतिदिन तीन लाख लीटर से अधिक भूजल निकालने की जानकारी सामने आई।
हैरानी की बात यह रही कि संस्थान ने इसके लिए जरूरी एनओसी भी नहीं ली थी और पानी की निकासी मापने के लिए फ्लो मीटर भी नहीं लगाया गया था। इसी तरह पैकेज्ड वाटर कंपनियों के निरीक्षण में भी नियमों का उल्लंघन मिला। संबंधित संस्थानों को अब नोटिस जारी किए जाने की तैयारी है। केंद्रीय भूजल बोर्ड की टीम ने मेट्रो रूट का भी निरीक्षण किया है।
इंदौर में जमीन के नीचे तीन स्तरों पर मिल सकता है भूजल-तकनीकी अध्ययन के मुताबिक इंदौर में भूजल की उपलब्धता अलग-अलग गहराई पर तीन प्रमुख स्तरों में बताई गई है। इन्हें एक्वीफर कहा जाता है। पहला स्तर जमीन से लगभग 66 से 82 फीट (20 से 25 मीटर) नीचे स्थित है। दूसरा एक्वीफर करीब 197 से 213 फीट (60 से 65 मीटर) की गहराई पर है, जबकि तीसरा स्तर लगभग 295 से 312 फीट (90 से 95 मीटर) नीचे बताया गया है।
ऐसे में एयरपोर्ट रोड की अंडरग्राउंड टनल में 70 फीट तक खुदाई के बाद भी पानी नहीं मिलना भूजल की उपलब्धता और उसके मौजूदा स्तर को लेकर नए सवाल खड़े करता है।
हालांकि, केवल इस खुदाई के आधार पर पूरे शहर के भूजल स्तर का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। इसके लिए विस्तृत एक्वीफर स्टडी और भूगर्भीय जांच जरूरी है।