उज्जैन। प्रेम विवाह करने वाली महिला का चप्पलों की माला पहनाकर जुलूस निकालने वाले 3 आरोपियों की गुरूवार को गिरफ्तारी कर ली गई। घटनाक्रम सामने आने के बाद 3 को मौके से दबोच लिया गया था। अब 5 फरार आरोपियों की तलाश में झारड़ा और राघवी पुलिस उनके ठिकानों पर दबिश मार रही है।
मंगलवार को झारड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम अरनिया वेणा में पति को छोड़ प्रेम विवाह करने वाली महिला का 3 साल बाद गांव लौटने पर ससुराल वालों ने अमानवीय व्यवहार करते हुये जुलूस निकाल दिया था। ससुराल वालों ने महिला के कपड़े फाड़ दिये थे, बाल काटे थे और जूते-चप्पलों की माला पहनाई थी। महिला का अर्द्धनग्न हालत में जुलूस निकलता देख कुछ जागरूक लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच महिला के ससुर सुमेरसिंह पिता कालूसिंह के साथ उसका साथ देने वाले बद्रीलाल और कचरूसिंह को गिरफ्तार कर लिया था। महिला की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। गुरूवार को शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये झारड़ा थाना पुलिस के साथ राघवी थाना पुलिस की टीम गठित की गई। दोनों टीम ने फरार आरोपियों की तलाश में दबिश देकर 3 आरोपी दशरथसिंह, विरेन्द्रसिंह और कृपालसिंह को हिरासत में ले लिया। अब 5 आरोपी फरार है, जिनकी तलाश में गिरफ्तार के लिये दबिश जारी है।
पति को छोड़ महिला ने किया प्रेम विवाह
घटनाक्रम सामने आने के बाद झारड़ा थाना प्रभारी आनंद भाबोर ने बताया था कि महिला वर्ष 2023 में पति को छोड़ गांव के युवक के साथ चली गई थी। उसने प्रेम विवाह कर लिया था। 3 सालों तक गांव से दूर रहने के बाद महिला दूसरे पति के साथ गांव लौटी थी। उसी दौरान उसके पूर्व ससुराल वालों ने पकड़ लिया और अमानीय व्यवहार किया।
चप्पलों की माला पहनाकर जुलूस निकाले वाले 6 गिरफ्तार