–
उज्जैन। नीलगंगा चौराहा पर रात 11 बजे गोलियां चलने पर दहशत फैल गई। दो पक्षों के बीच विवाद में तीन से चार लोग घायल हुये, जिन्हे निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां एक की मौत होना सामने आया। घटनाक्रम के बाद एसपी मौके पर पहुंचे। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।
एएसपी गुरूप्रसाद पाराशर ने बताया कि नीलगंगा चौराहा पर गोरकर परिवार और पासियों के बीच विवाद होने की खबर मिलने पर पुलिस पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में 3 से चार लोगों के घायल होने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि कुछ महिनों से दोनों पक्षों के बीच किसी लड़की को लेकर विवाद चला आ रहा था। उसी विवाद में पासी समाज के कुछ लोगों ने गोरकर परिवार के मां हरसिद्धी दरबार फूड कैफे एंड रेस्टोरेंट पर आकर हमला किया। गोलियां चलने की बात सामने आई है, जिसकी जांच जारी है। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। जिससे पूछताछ की जायेगी। घटनाक्रम के बाद एसपी प्रदीप शर्मा खुद मौके पर पहुंचे थे, उन्होने घटना की जानकारी ली और हमलावरों को पकड़ने के लिये टीमों को अलर्ट किया। बताया जा रहा है कि घटनाक्रम में गोली लगाने से लोकेश गोरकर की मौत हुई है। वहीं दिलीप राव गोरकर, जय गोरकर के साथ एक अन्य घायल हुआ है।
हमलावरों की संख्या 15 से अधिक
घटनास्थल पर लोगों का कहना था कि हमलावरों की संख्या 15 से अधिक रही होगी। जिनके पास कट्टे, चाकू और अन्य हथियार थे। विवाद के बाद गोरकर परिवार ने बचाव में हमला किया लेकिन हमलावरों ने गोलियां चलाना शुरू कर दी। कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त किये और हमलावर रेस्टोरेंट के सामने गोरकर परिवार के घर तक पहुंच गये थे। आसपास के लोगों को कहना था कि वह सोने की तैयारी में थे गोलियां चलने की आवाज सुनकर बाहर आये तो अफरा-तफरी दिखाई दी।
पुलिस ने बरामद किये गोलियों के राउंड
नीलगंगा चौराहा पर एएसपी गुरूप्रसाद पाराशर, सीएसपी दीपिका शिंदे, नीलगंगा थाना प्रभारी तरूण कुरील, माधवनगर प्रभारी गजेंद्र पचौरिया के साथ नीलगंगा थाने का पूरा स्टॉफ पहुंचा था। घटनास्थल से गोलियां चलने के खाली राउंड बरामद किये गये। काफी जगह खून फैला था, जिसका परीक्षण करने के बाद पानी से साफ कराया गया।
इनका कहना
घटना के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घायलों के पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। हमला करने वालों की धरपकड़ के प्रयास किये जा रहे है।
प्रदीप शर्मा, एसपी
गोरकर परिवार पर पासियों ने किया हमला, घटना में एक की मौत नीलगंगा चौराहा पर रात 11 बजे चली ताबातोड़ गोलियां