मन्दसौर। जिले के अफजलपुर थाना पुलिस ने धन दोगुना करने और गड़ा धन निकालने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना प्रभारी हरीश मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले में संलिप्त चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई फरियादी गोपाल पिता रामेश्वर धाकड़ निवासी चिकलाना (रतलाम) की शिकायत पर की गई, जिसने अपनी आपबीती बताते हुए पुलिस को तांत्रिक क्रिया के नाम पर हुई लाखों रुपये की ठगी की जानकारी दी थी।जानकारी अनुसार, आरोपी पृथ्वीराज ने फरियादी को अपने जाल में फंसाया और कमलेश नामक व्यक्ति से मिलवाया जो कथित तौर पर जादू-टोना कर नोटों की बारिश करवाता था। इसके बाद कमलेश ने तांत्रिक नबीनुर, कंवरलाल और एक अन्य साथी से मिलवाकर पहली बार में 2 लाख 61 हजार रुपये ऐंठ लिए और कुएं पर पूजा करवाई।
पूजा में कमी का नाटक कर आरोपियों ने दोबारा 2 लाख 85 हजार रुपये लिए और वहां एक्सीडेंट व मौत का ढोंग रचकर फरियादी को डराकर भगा दिया। बाद में 50 लाख की बारिश का लालच देकर और फिर घर में गड़ा धन निकलने की बात कहकर अलग-अलग किश्तों में कुल 11 लाख 21 हजार रुपये ठग लिए। फरियादी को डराने के लिए भूत-प्रेत का डर दिखाया गया और अंत में नोटों की गड्डी के नाम पर 20-20 रुपये के नोट थमा दिए गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य रूपरेखा तैयार करने वाले कमलेश पिता प्रभुलाल निवासी रिण्डा थाना अफजलपुर जिला मंदसौर, तांत्रिक बनने वाले अफसर (जिसने अपना नाम गोपाल बताया था) पिता सुभान, नबीनुर पिता सुभान दोनों निवासी कुचडोद थाना अफजलपुर और पृथ्वीराज पिता भेरुलाल निवासी चिकलाना थाना कालुखेडा जिला रतलाम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि खेत मालिक कंवरलाल पिता चेतराम निवासी कुचडोद अभी फरार है। पुलिस ने आरोपियों से 51 हजार रुपये नकदी, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, जमीन से निकाली अम्बे माता की मूर्ति और तांत्रिक के कपड़े व माला विधिवत जब्त कर ली है।
–