मंडलेश्वर। पुलिस ने क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई तीन चोरियों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुंतला रुहल ने किया। उन्होंने बताया आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख 36 हजार रुपए का चोरी का सामान व वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। एडिशनल एसपी ने बताया 27 अप्रैल को ग्राम झापड़ी तथा 12 मई को ग्राम चोली और वासलीकुंडिया में दिनदहाड़े चोरी की घटनाएं हुई थीं।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम उखालदा (थाना मनावर) निवासी तालीब उर्फ तालिम (23) पिता हमीद खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने तीनों चोरियों की वारदात करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से दो सोने की अंगूठियां, दो सोने के पेंडल, 20 चांदी के सिक्के, चांदी का कमरपट्टा, चांदी की पायल, एक चांदी की बिछिया जोड़, एक चांदी की अंगूठी तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 3 लाख 36 हजार रुपए आंकी गई है। एडिशनल एसपी रुहल ने बताया आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मनावर थाना पर दो और धामनोद थाना में एक प्रकरण दर्ज है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उक्त कार्रवाई एसडीओपी श्वेता शुक्ला और थाना प्रभारी पंकज तिवारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक चैनसिंह सोलंकी, सहायक उपनिरीक्षक एलएन बड़ोदिया, बेरुसिंग डिंडोर, प्रआर संजय यादव, महेश मालवीय, आरक्षक अमित पाल, शैलेश दुबे व कपिल मीना शामिल थे।