कॉबिंग गश्त में 295 वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा -गिरफ्त में आये 6 फरार इनामी बदमाश, 3 चाकू लेकर घूमते मिले

उज्जैन। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ आमजन को सुरक्षित और भय मुक्त रखने के उद्देश्य से शनिवार-रविवार रात जिले में कॉबिंग गश्त की गई। तड़के तक चली गश्त में 295 स्थाई और गिरफ्तार वारंटियों को पकड़ा गया। 6 फरार इनामी बदमाश भी गिरफ्त में आ गये।
एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देशन में शनिवार रात 11 बजे पूरे जिले में 600 पुलिसकर्मियों ने एक साथ मेगा कॉबिंग गश्त की शुरूआत की। गश्त का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित और भय मुक्त रखने के साथ काफी समय से फरार चल रहे स्थाई और गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ करना था। सुनियोजित और प्रभावी तरीके से शुरू की गई मेगा गश्त के दौरान जिले की पुलिस ने 185 स्थाई और 110 गिरफ्तार वारंटियों को उनके घरों और ठिकानों पर दबिश देकर शिकंजे में ले लिया। गश्त में संगीन मामलों में फरार चल रहे 6 इनामी बदमाश भी हिरासत में आ गये। रविवार तड़के 5 बजे तक चली गश्त के दौरान सभी थानों की लॉकअप वारंटियों, बदमाशों और संदिग्धों से भर गई थी। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिये इस प्रकार के विशेष अभियान जारी रहेंगे। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कॉबिंग गश्त से अपराधियों में पुलिस का भय व्याप्त हुआ है वही आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।
सूची में शामिल बदमाशों का किया सत्यापन
रात में शुरू हुई गश्त के दौरान जहां वारंटियों और फरार बदमाशों की धरपकड़ की गई, वहीं पुलिस ने सूची में शामिल 250 से अधिक चिन्हित बदमाशों के घरों पर पहुंचकर उनका सत्यापन किया। बदमाशों की वर्तमान गतिविधियों का पता लगाया, उनकी आजीविका के स्त्रोत की जानकारी ली गई और सख्त हिदासत दी गई कि अपराध में शामिल पाये गये तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जायेगा। पुलिस ने 10 वसूली वारंट भी तामिल कराये और 50 से अधिक संपत्ति अपराधियों की जांच कर भवष्यि में अपराध से दूर रहने की चेतावनी दी।
3 के पास थे चाकू, 4 ने तोड़े थे नियम
मेगा कॉबिंग गश्त पर निकली पुलिस एएसपी, सीएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारियों के साथ सड़कों पर दौड़ लगा रही थी वहीं गली-मोहल्लों में दिखाई देने वाले संदिग्धों की तलाशी ले रही थी। इस दौरान 3 युवकों के पास से चाकू बरामद हो गये। जिनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की कार्रवाई की गई। यहीं नहीं रात में यातायात नियमों का उल्लघंन करने वाले 4 वाहन चालकों को पकड़ा गया। जिनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment