इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र की नंदनवन कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। वह अपने दादा-दादी और अन्य बच्चों के साथ कार से वर्कशॉप गई थी। वहां से लौटते समय वह कार में ही सो गई थी।घर पहुंचने पर सभी लोग कार से उतर गए, लेकिन बच्ची कार में ही सोती रह गई। काफी देर तक नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में वह कार में बेसुध हालत में मिली। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर सोमवार को बच्ची का पोस्टमॉर्टम कराया। प्रारंभिक तौर पर दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।