उज्जैन। आग उगलने वाली गर्मी के दिनों में विद्युत कंपनी के कारण आमजन को न दिन में चैन मिल पा रहा है और न रात में यानिकी तडके ठंडे समय मिलने वाली नींद का आराम मिल पा रहा है। कंपनी की व्यवस्था के तहत चाहे जब विद्युत बाधित हो रहा है। दिन में 3-4 बार 15 -30 मिनट के लिए बाधा आ रही है तो रात में भी 1-2 बार इसी तरह का क्रम बन रहा है। सप्ताह के पहले दिन सोमवार को महाश्वेता जोन में सुबह –सुबह विद्युत बाधित होने से आमजन की नींद हराम हुई है। वैसे तो विद्युत की व्यवस्था भी गर्मी के दिनों में चुनौतीपूर्ण होती है। गर्मी से ट्रांसफार्मर भी अछुते नहीं हैं। अत्यधिक गर्म होने पर तकनीकी रूप से उनमें खराबी आना और अन्य कई परिस्थितियां निर्मित हो जाती है। इस सब के बीच भी विद्युत प्रदाय की व्यवस्था कंपनी कर रही है,लेकिन इस व्यवस्था में बाधा से आमजन को तकलीफ हो रही है।दिन और रात में विद्युत बाधित- दैनिक अवंतिका के पाठकों से मिल रही सूचना के अनुसार शहर के लगभग सभी जोन में दिन में 3-4 बार कटौती का क्रम सामने आ रहा है। इसके तहत 15-30 मिनिट के लिए विद्युत प्रदाय अवरूद्ध हो रहा है। अधिकांश ये समय दोपहर का ही सामने आ रहा है। इसी तरह से रात्रि में भी 11 बजे से 3 बजे के मध्य 1-2 बार लगभग 15-20 मिनिट के लिए विद्युत अवरूद्ध की स्थिति बन रही है। ये समय गर्मी के दिनों में दिन में चैन एवं रात में नींद लेने का होता है। दोपहर में जमकर गर्मी पडने की स्थिति में आमजन जमकर पंखे,कुलर एवं वातानुकुलित का उपयोग करते हैं।लोड बढने से शट डाउन की स्थिति- इधर कंपनी के कर्मचारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि लोड बढने की स्थिति में शट डाउन के हालात निर्मित होना तकनीकी स्थिति है। इसके साथ ही गर्मी के असर से ट्रांसफार्मर भी हांफने लगे हैं। गर्मी के कारण से उनकी स्थिति भी खराब है। इसके साथ ही कई ट्रांसफार्मर पर आवश्यकता से ज्यादा लोड है। ऐसा नहीं है कि ट्रांसफार्मर कम क्षमता के हैं। ट्रांसफार्मर लगानें के बाद क्षेत्र में लोड बढा और मात्र कागजी टेस्टिंग रिपोर्ट ही सामने आई । तकनीकी कारणों से कई समस्याएं सामने आती हैं। सोमवार सुबह ही नींद हराम-सप्ताह की शुरूआत में ही महाश्वेता जोन अंतर्गत कुछ क्षेत्रों में सुबह 5.30 बजे से ही विद्युत बाधित होने की जानकारी सामने आ रही है। इसके चलते बाधित क्षेत्र में आमजन की नींद हराम हुई है। बाधित विद्युत करीब 2.30 घंटे बाद ही वापस लौटी। इसे लेकर प्रभावित क्षेत्र के लोगों ने कंपनी के जोन में भी फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा था। यहां तक की कुछ अधिकारियों को भी मोबाईल काल किया गया लेकिन जवाबी स्थिति नहीं रही है।नो जोन में काल सेंटर स्थापितविद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी जयेंद्र ठाकुर के अनुसार उज्जैन शहर के सभी उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 24 घंटे कार्यरत शिकायत निवारण व्यवस्था चला रही है। उज्जैन शहर के 9 जोन कार्यालयों में विद्युत संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए 24×7 कॉल सेंटर स्थापित किए गए हैं।पूर्व शहर संभाग उज्जैन अंतर्गत: महानंदा जोन: 0734-2920115 महाश्वेता जोन: 0734-2920113- कियोस्क जोन: 0734-2920112- मकसी रोड जोन: 0734-2920118पश्चिम शहर संभाग उज्जैन अंतर्गत:– वल्लभ नगर जोन: 0734-2990745- खेड़ापति जोन: 0734-2990748 नई सड़क जोन: 0734-2990746 छत्री चौक जोन: 0734-2990751 कार्तिक मेला जोन: 0734-2990749उपरोक्त सभी नंबर लैंडलाइन हैं तथा 24 घंटे (दिन-रात) सक्रिय हैं। इन नंबरों पर विद्युत आपूर्ति, बिलिंग, मीटर, ट्रांसफार्मर अथवा किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है कनेक्टिविटी की बाधा भी- सामने आ रहा है कि जोन पर संचालित बीएसएनएल लैंडलाइन नंबरों पर एयरटेल और जियो मोबाइल नंबरों से कॉल करने पर कॉल कनेक्ट नहीं हो पा रही है। कॉल करने वाले को अपनी ही आवाज़ इको (प्रतिध्वनि) के रूप में सुनाई दे रही है, जिससे उपभोक्ताओं को लग रहा है कि कॉल सेंटर पर कोई फोन नहीं उठा रहा है। यह एक तकनीकी समस्या है। विद्युत कंपनी ने बीएसएनएल अधिकारियों से अनुरोध किया है कि इस समस्या को शीघ्रातिशीघ्र सुलझाकर उपभोक्ताओं को निर्बाध सेवा उपलब्ध कराने का कष्ट करें।