उज्जैन। काम दिलाने के बहाने नाबालिग के साथ अनैतिक कृत्य करने वाले आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। नाबालिग के लापता होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की थी, आरोपी नाबालिग को छोड़कर भाग निकला था। जिसे शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है।
नागझिरी थाना एसआई पूजा सोलंकी ने बताया कि रतलाम की रहने वाली नाबालिग थाना क्षेत्र में चौकीदारी करने वाले मामा के यहां रह रही थी। 16 जून को नाबालिग लापता हो गई। परिजनों ने उसके नहीं मिलने पर तलाश शुरू की, रात में नाबालिग नागझिरी थाने से कुछ दूरी पर परिजनों को मिल गई। परिजनों ने पूछताछ की तो उसने बताया कि सामने वाली बिल्डिंग में काम करने वाला कान्हा पिता जगदीश परमार उसे काम दिलाने के बहाने साथ ले गया था और काफी देर तक घूमने के बाद नक्षत्र गार्डन स्थित गार्ड रूम में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती गलत काम किया। परिजनों ने 17 जुलाई को थाने आकर शिकायत दर्ज कराई। नाबालिग के बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई और चंद घंटो में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी कान्हा ग्राम कढ़ाई थाना महिदपुर का रहने वाला है। जिसके खिलाफ पास्को एक्ट में प्रकरण दर्ज कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया।
छत्तीसगढ़ कोरबा में मिली बालिका
नाबालिग के लापता होने और 12 सौ किलोमीटर दूर मिलने का एक मामला भाटपचलाना थाना क्षेत्र से सामने आया। थाना प्रभारी सत्येन्द्रसिंह चौधरी ने बताया कि 11 जुलाई को कस्बे में रहनी वाली 16 वर्षीय बालिका के लापता होने की शिकायत परिजनों ने दर्ज कराई थी। पुलिस ने तलाश शुरू की तो पता चला गांव में बोरिंग मशीन पर काम करने वाला युवक उसे लेकर गया है। दोनों की तलाश करने पर उनके 12 सौ किलोमीटर दूर छत्तीसगढ़ कोरबा में होने की खबर मिलते ही पुलिस टीम रवाना की गई। कोरबा के जंगलों से बालिका को 7 दिनों में दस्तयाब कर लाया गया है। उसे शादी का झांसा देकर ले जाने वाले आरोपी रविशंकर पिता जगतपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया। जिसके खिलाफ अपहरण की धारा में प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
काम दिलाने के बहाने नाबालिग से अनैतिक कृत्य -चंद घंटों में पकड़ाये आरोपी का भेजा गया जेल