उज्जैन में सिविल सर्जन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
उज्जैन। जिले के स्वास्थ्य महकमे में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। सिविल सर्जन डॉ. अजय दिवाकर को हटाते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अशोक पटेल को सिविल सर्जन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और व्यवस्थाओं में सुधार के उद्देश्य से लिया गया है। डॉ. अशोक पटेल के पास पहले से ही जिले के स्वास्थ्य विभाग के संचालन की जिम्मेदारी है, ऐसे में अब वे सिविल सर्जन के रूप में भी अपनी सेवाएं देंगे।
गौरतलब है कि उज्जैन जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने एवं स्वास्थ्य केंद्रों के सुचारू संचालन हेतु यह कदम उठाया गया है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ. अशोक पटेल ने कहा कि वे पूरी टीम के साथ मिलकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए कार्य करेंगे। जिले में आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
प्रशासन की सक्रियता से बदलेगी व्यवस्था?
इस निर्णय को स्वास्थ्य विभाग में अनुशासन एवं जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नागरिकों ने भी प्रशासन से उम्मीद जताई है कि नए सिविल सर्जन के कार्यभार संभालने के बाद अस्पतालों की व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।
