तेल अवीव/तेहरान।ईरान का दावा है कि अमेरिका और इजराइल के हमलों से उसे अब तक करीब 270 अरब डॉलर (25 लाख करोड़ रुपए) का नुकसान हुआ है। ईरान सरकार के प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी ने बताया कि यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है।उन्होंने कहा कि ईरान की तरफ से बातचीत करने वाली टीम इस मुद्दे को भी उठा रही है। इस्लामाबाद में हुई सीजफायर वार्ता में भी इस नुकसान की भरपाई की मांग की गई थी।
ईरान ने साफ किया है कि वह शांति के लिए तैयार है, लेकिन उसकी कुछ शर्तें हैं। ईरान चाहता है कि उसे यूरेनियम एनरिचमेंट का अधिकार मिले, उस पर लगे सभी प्रतिबंध हटाए जाएं और युद्ध में हुए नुकसान की भरपाई की जाए।वहीं खबर है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर इस हफ्ते फिर से बैठक हो सकती है। इस्लामाबाद और जेनेवा को संभावित जगह माना जा रहा है, लेकिन अभी कुछ तय नहीं हुआ है। इससे पहले 11 अप्रैल को इस्लामाबाद में हुई बैठक बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई थी।