उज्जैन। पिछले कुछ माह में जहरीली शराब से हुई मौत के मामले सामने आने के बाद आबकारी की टीम जिले में लगातार दबिश मारी रही है। गांवों में हाथ भट्टी पर कच्ची जहरीली शराब के मामले सामने आ रहे है। सोमवार को शराब बनाने में उपयोग होने वाला 380 किलो महुआ लहान बरामद किया गया।
प्रदेश के देवास जिले में अक्टूबर माह के दौरान जहरीली शराब से 13 से अधिक लोगों की मौत होना सामने आया था। इससे पहले सितंबर माह में सागर में कई लोगों की जहरीली शराब से मौत हुई थी। अगस्त माह में उज्जैन से गुजरात भेजी गई शराब से 9 लोगों की मौत होना सामने आया था। लगातार शराब से होने वाली मौतों को लेकर उज्जैन आबकारी विभाग ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों की धरपकड़ का अभियान शुरू किया है। लगातार दबिश दी जा रही है। सोमवार को जिले के गांवों में दबिश के दौरान 11.7 बल्क लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई, वहीं 2 लीटर हाथ भट्टी शराब के साथ कच्ची शराब बनाने के लिये उपयोग होने वाला 380 किलो महुआ लहान मिला। आबकारी नियंत्रण कक्ष अधिकारी मुकेश रंधा ने बताया कि बड़नगर तहसील के ग्राम खरसौदखुर्द और इंगोरिया में 3 स्थानों पर टीम पहुंची थी, जहां कच्ची शराब के लिये रखा गया 230 किलो महुआ लहान बरामद किया गया। अज्ञात 3 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किये गये। इस दौरान ग्राम नारेलाकला से श्रवण पिता बद्रीलाल औश्र नागेश्वर पिता मानसिंह को गिरफ्तार कर 21 देशी शराब के क्वार्टर बरामद किये गये। खाचरौद के ग्राम पानवासा में एक स्थान से 40 किलो महुआ लहान मिला और एक आरोपी लक्ष्मण पिता नरसिंह देशी शराब के साथ पकड़ाया। नागदा में दबिश के दौरान 110 किलो महुआ लहान मिलना सामने आया है। सभी जगह हाथ भट्टी बनी हुई थी और शराब तैयारी की जा रही थी। दबिश पड़ते ही अवैध शराब बनाने वाले भाग निकले थे। आबकारी की टीम ने बरामद लहान नष्ट करने के साथ हाथ भट्टियों को तोड़ा गया है। सोमवार को हुई कार्रवाई में 12 मामले दर्ज किये गये और 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
धार्मिक नगरी में प्रतिबंध, गांवों में अवैध कारोबार
धार्मिक नगरी में महाकाल लोक बनने के बाद शराब पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। शहरी सीमा से शराब की दुकानें भी बाहर कर दी गई है। जिसके चलते गांवों में कच्ची शराब हाथ भट्टी पर बनाने के मामले बढ़ गये है। जिसकी सप्लाय शहर तक हो रही है। पिछले एक माह से आबकारी टीम दबिश में कच्ची शराब के साथ अवैध देशी शराब के मामले सामने आ रहे है। कई लोगों को पकड़ा जा चुका है, बावजूद अवैध शराब का कारोबार नहीं थम रहा है। शहर में आसपास के जिलों से भी अवैध तरीके से देशी-विदेशी शराब लाई जा रही है।
गांवों में हाथभट्टी पर बनाई जा रही जहरीली शराब -380 किलो लहान मिला, आबकारी की दबिश में सामने आ रहे मामले