आगर रोड दरगाह मंडी चौराहे पर अतिक्रमण से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, रोज लग रहा जाम दुकानों के बाहर ई-रिक्शा व अन्य वाहनों का जमावड़ा, कबाड़ वाहन भी सड़क पर खड़े..रहवासी और राहगीर परेशान

उज्जैन। शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के प्रमुख कारणों में से एक मुख्य मार्गों पर फैला अतिक्रमण भी है। इसका ताजा उदाहरण आगर रोड स्थित दरगाह मंडी चौराहा है, जहां दुकानों के बाहर खड़े ई-रिक्शा, चारपहिया व दोपहिया वाहनों के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से यहां यातायात व्यवस्था बिगड़ी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।दरगाह मंडी चौराहे के आसपास गैरेज, वेल्डिंग तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। इन दुकानों पर मरम्मत के लिए आने वाले ई-रिक्शा और अन्य वाहन लंबे समय तक सड़क पर खड़े रहते हैं। इसके अलावा कुछ कबाड़ और अनुपयोगी वाहन भी सड़क पर पड़े होने से मार्ग और संकरा हो गया है। इस कारण मुख्य सड़क का बड़ा हिस्सा पूरे दिन वाहनों से घिरा रहता है और दिनभर यातायात बाधित होता है। सड़क चौड़ी होने के बावजूद भी यहां फैली अव्यवस्था के कारण वाहनों का जाम लग रहा है लोगों को यहां से निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह मार्ग कृषि उपज मंडी और आगर रोड जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ता है। ऐसे में इस मार्ग पर भारी वाहनों सहित अन्य यातायात का दबाव लगातार बना रहता है। लेकिन सड़क पर वाहनों के खड़े रहने से जाम की स्थिति निर्मित हो रही है जिससे स्थानीय रहवासियों, व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पहले भी हो चुका है हादसा
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार दरगाह मंडी चौराहे पर फैली अव्यवस्था को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत और व्यवस्था सुधारने की मांग की जा चुकी है। बावजूद इसके स्थिति में कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।
क्षेत्रीय लोगों ने यह भी बताया कि कुछ वर्ष पहले इसी क्षेत्र में बिगड़ी यातायात व्यवस्था की वजह से एक बस कंडक्टर सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ था, जिसमें उसकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद भी यातायात व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।
कार्रवाई की मांग..
रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि दुकानों के बाहर सड़क पर खड़े वाहनों और अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित कार्रवाई की जाए, ताकि मुख्य मार्ग पर यातायात सुचारु हो सके और भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment