उज्जैन। पंथ पिपलई क्षेत्र में बिजली लाइन पर काम करते समय करंट लगने से मध्य प्रदेश बिजली कंपनी के एक आउटसोर्स कर्मचारी की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने बिजली कंपनी और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।मृतक की पहचान ग्राम किठोदा निवासी सुनील सोलंकी (33) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुनील पिछले करीब 12 वर्षों से मध्य प्रदेश बिजली कंपनी में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे उन्हें पंथ पिपलई क्षेत्र में विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य के लिए भेजा गया था।
खंभे पर काम करते समय लगा करंट-बताया जा रहा है कि बिजली के खंभे पर कार्य के दौरान अचानक करंट लगने से सुनील ऊंचाई से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण शुक्रवार शाम करीब 6 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया।