आंगनबाड़ी भवन के पिछले हिस्से की दीवार ढही: टला हादसा

जगोटी । समीपस्थ ग्राम खुरचनिया प्रताप के आंगनबाड़ी भवन के पिछले हिस्से की दीवार बुधवार सुबह अचानक ढह गई, गनीमत रही कि बच्चे दूसरे हिस्से में एकत्र हो रहे थे वरना बड़ा हादसा हो जाता। गांव के नागरिक व पूर्व उपसरपंच कमल सूर्यवंशी ने बताया कि लंबे समय से गांव की आंगनवाड़ी भवन की हालत जर्जर हो रही है अनेकों बार जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया मगर ध्यान नहीं दिया गया। महिला व बाल विकास विभाग को भी इस भवन की खस्ता हालत की जानकारी थी मगर ध्यान नहीं दिया गया। बुधवार को लगभग बारह बच्चे दीवार ढहने के समय मौजूद थे। ग्रामीणों द्वारा महिदपुर एसडीएम को जानकारी दिए जाने के बाद ग्राम पंचायत महूडीपूरा के सचिव व सरपंच प्रतिनिधि द्वारा मौके पर पहुंच कर पंचनामा बनाया। स्थानीय नागरिक रणछोड़ मालवीय ने बताया कि आंगनबाड़ी जाने का रास्ता व खेलने वाले मैदान कीचड़ व बारिश के पानी से भरा होने से बच्चों को अभिभावक पास के स्कूल की बाउंड्री वॉल से कूद कर ले जाते हैं। बुधवार को आंगनबाड़ी भवन के समीप की दीवार ढहने की जानकारी ग्रामीणों ने विधायक दिनेश जैन बोस व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि जीतेंद्र मंडोरा को देते हुए तत्काल हस्तक्षेप का आग्रह किया है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment