बड़नगर। नगर के मुख्य मार्ग कोर्ट चौराहा से संगम चौराहा व गंधर्व तलाई तक बदहाल पड़ी सड़क के पक्के निर्माण और जल निकासी की मांग को लेकर नगर पालिका द्वार के सामने शिवसेना द्वारा शुरू किया गया जन आंदोलन मंगलवार देर रात भी जारी रहा और बुधवार को दूसरे दिन भी अनवरत चलेगा। अधिकारियों के टालमटोल भरे रवैये के चलते शिवसेना नेताओं ने दो-टूक ऐलान किया है कि जब तक निर्माण कार्य पूर्ण करने की ठोस समय-सीमा नहीं दी जाती, तब तक धरना खत्म नहीं होगा। विदित रहे कि विगत कई महीनों से बदहाल पड़ी सड़क, जानलेवा गड्ढों और जलभराव के विरोध में युवा शिवसेना प्रदेश अध्यक्ष प्रभात पुरानिया एवं शिवसेना नगर अध्यक्ष संतोष बगेरवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी बंधुओं और आम नागरिकों के साथ नगर पालिका गेट, माय गैलेक्सी के सामने (बड़नगर) सड़क किनारे तखत लगाकर धरना प्रदर्शन शुरू किया गया। आंदोलन के दबाव में पहुंचे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर पालिका प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर केवल हवा-हवाई बातें कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। जब शिवसेना नेताओं ने अधिकारियों से सड़क का पक्का निर्माण कार्य पूर्ण करने की तय तारीख व ठोस समय-सीमा मांगी, तो अधिकारी जिम्मेदारी से बचते नजर आए।
शिवसेना नेताओं ने स्पष्ट किया कि आंदोलन के डर से प्रशासन द्वारा शुरू की गई मामूली लीपापोती को बड़नगर की जनता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी। हमारे बुजुर्ग महीनों से इन गड्ढों में गिर रहे हैं, व्यापार ठप हो चुका है और सारे त्योहार बदहाली की भेंट चढ़ गए। जब तक जिम्मेदार अधिकारी कार्य पूर्ण करने की ठोस योजना और अंतिम तारीख तय नहीं करते, तब तक आंदोलनकारी धरना स्थल से नहीं हटेंगे।
चक्का जाम की चेतावनी:नेताओं ने प्रशासन को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आज भी अधिकारियों ने अपनी हठधर्मिता नहीं छोड़ी और ठोस फैसला नहीं लिया, तो आंदोलन को और अधिक आक्रामक रूप देकर शहर के मुख्य मार्गों पर पूर्ण चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जवाबदेही लापरवाह प्रशासन की होगी।धरना स्थल: नगर पालिका द्वार के सामने, बड़नगर पर रातभर कार्यकर्ता और नागरिक डटे रहे और आज सुबह से आंदोलन को और गति दी जाएगी।
अधिकारियों की टालमटोल से आक्रोशित शिवसेना का धरना रात में भी जारी