अधिकमास में निगम द्वारा की गई धर्मस्थलों पर विशेष व्यवस्थाओं को महापौर ने परखा कमजोर सफाई,दुकानदारों का अतिक्रमण मिला -रुद्र सागर क्षेत्र में दुकानदारों का अतिक्रमण तत्काल हटवाया गया

उज्जैन। पुरूषोत्तम मास में नगर निगम द्वारा सप्तसागरों पर श्रद्धालुओं के लिए की गई विशेष व्यवस्थाओं में आ रही बाधाओं को बुधवार को महापौर मुकेश टटवाल ने देखा है। उन्होंने तत्काल ही बाधाओं को दुर करवाया है। वे विष्णुसागर,रूद्रसागर क्षेत्र में नगर निगम की व्यवस्थाओं को परखने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान सफाई कमजोर मिली है। रूद्रसागर क्षेत्र में दुकानदारों का अतिक्रमण देखकर उन्होंने तत्काल ही श्रद्धालुओं के हित में अतिक्रमण को हटवाया है।

नगर निगम ने धार्मिक मास में सप्तसागरों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की है। श्रद्धालुओं के लिए छायादार टेंट, शामियाने, पानी के टैंकर लगाए गए हैं, जिससे कि यहां आने वाले श्रद्धालु सुविधाजनक रूप से पूजन कर सकें। श्रद्धालु निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं का लाभ लेते भी देखे जा रहे हैं। गर्मी एवं धूप में छायादार जगह उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को पूजन में सहायता मिल रही है।

सफाई कमजोर,दुकानदारों का अतिक्रमण-

बुधवार को महापौर सप्तसागरों के अंतर्गत विष्णुसागर एवं रुद्र सागर का निरीक्षण करने पहुंचे थे। रुद्र सागर पर निरीक्षण के दौरान महापौर द्वारा सफाई व्यवस्था हेतु निर्देशित किया गया। रुद्रसागर पर श्रद्धालुओं द्वारा जिस मार्ग से पूजन हेतु प्रवेश किया जाता है वहां पर दुकानदारों द्वारा लोहे के चद्दर एवं शेड लगाते हुए अतिक्रमण किया गया था जिसके कारण श्रद्धालुओं को आवागमन में समस्या हो रही थी । तत्काल अतिक्रमण गैंग के कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए अतिक्रमण को महापौर ने खड़े रहकर हटवाया । दुकानदारों को भी समझाइश दी गई कि अधिकमास के पर्व को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखें। दुकानों के बाहर टेबल कुर्सी ना रखें जिससे यातायात भी बाधित नहीं होगा और श्रद्धालु भी सुगमता पूर्वक पूजन कर सकेंगे।

सफाई के लिए सभी से आग्रह-

साथ ही अधिकमास के पर्व को ध्यान में रखते हुए सप्तसागरों के साथ-साथ अन्य धार्मिक स्थलों पर भी सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है। महापौर द्वारा निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या ना हो इस बात का ध्यान रखें। इसी के साथ श्रद्धालुओं से भी निवेदन किया गया की उज्जैन शहर की सफाई व्यवस्था को ध्यान  में रखते हुए सप्तसागरों पर गंदगी नहीं करें और निर्धारित स्थल पर ही पूजन सामग्री विसर्जित करें।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment