सिवनी: दो युवकों की निर्मम हत्या से भड़का जनआक्रोश, शराब दुकान और वाहनों में आगजनी, तनावपूर्ण हालात
केवलारी, सिवनी | 17 मई 2025 — सिवनी जिले के केवलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुई दो युवकों की बेरहम हत्या के बाद शनिवार को इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्साई भीड़ ने शराब दुकान और कई वाहनों में आग लगा दी, साथ ही थाना परिसर का घेराव कर चक्काजाम किया। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
शुक्रवार देर रात ग्राम परासपानी निवासी अमन बघेल (20) और रूपक उर्फ रूपेश बघेल (25) पर अज्ञात कारणों से धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। दोनों को गंभीर रूप से घायल अवस्था में केवलारी अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल सिवनी रेफर किया गया। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
हत्या की खबर फैलते ही केवलारी क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने शनिवार सुबह चांदनी चौक पर चक्काजाम कर दिया। इसके बाद भीड़ ने शराब दुकान में आगजनी कर दी, और कुछ वाहन भी आग की चपेट में आ गए।
थाना प्रभारी को हटाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि केवलारी थाना प्रभारी ब्रजेश उइके को तत्काल हटाया जाए और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि पुलिस की लापरवाही के चलते यह जघन्य घटना हुई है।
पुलिस बल ने किया हल्का बल प्रयोग, स्थिति नियंत्रण में
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जीडी शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
व्यापारियों ने बंद रखे प्रतिष्ठान
इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे हैं। स्टेट हाईवे और नगर के प्रवेश मार्गों पर भी आवागमन बाधित रहा।
प्रशासन ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
पुलिस और प्रशासन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी है और जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। केवलारी की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
