उज्जैन। यातायात पुलिस द्वारा अनाधिकृत तरीके से वाहनों पर लाल-नीली बत्ती लगाने के साथ हूटर लगाकर वाहन दौड़ने वाले चालकों के खिलाफ 1 से 10 अगस्त विशेष चालानी अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को शहर के प्रमुख चौराहों पर सूबेदार इंद्रपालसिंह के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान अनाधिकृत रूप से लाल-नीली पुलिस जैसी फ्लैशर लाइट लगाकर वाहन चलाने वाले से मोटरयान अधिनियम की धारा 108 में 3 हजार का चालान कर शुल्क वसूला गया। शासकीय स्टिकर/मोनोग्राम का उपयोग करने वाले वाहनों के खिलाफ धारा 114 में 500 रूपये की चालानी कार्रवाई की गई। वहीं वाहन के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी होने पर धारा 100 के अंतर्गत 500 का जुर्माना वसूला गया और वाहन चालकों को हिदायत दी गई कि अनाधिकृत रूप से वाहनों में इस तरह से हूटर, लाल-नीली फ्लैशर लाइट, शासकीय स्टिकर और ब्लैक फिल्म का उपयोग नहीं किया जाये। यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों से अपील की गई कि अनाधिकृत उपकरण और शासकीय प्रतिको का उपयोग करने पर यातायात नियमों को उल्लंघन माना जायेगा और वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।
मक्सीरोड पंवासा में रहने वाले सुमीत पिता मुकेश मालवीय 22 साल को सोमवार-मंगलवार रात माधवनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 8 के बाहर विक्की राठौर और उसके एक साथी ने चाकू मारकर घायल कर दिया। चाकूबाजी की खबर मिलने पर नीलगंगा थाना पुलिस लोटि तिराहा रेलवे स्टेशन पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां बयान दर्ज करने पर सामने आया कि सुमीत पूर्व में विक्की राठौर की कार चलाता था। उस वक्त कार का जीपीएस सिस्टम बंद किया था। जिसको लेकर कहासुनी हुई थी, उसके बाद काम छोड़ दिया था। जीपीएस बंद करने की पुरानी बात को लेकर ही उसने चाकू से हमला किया है। मामले में घायल की शिकायत पर विक्की राठौर और उसके 2 साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार विक्की राठौर खुद को धार्मिक संगठन का कार्यकर्ता बताता है। मंगलवार सुबह वह 2 साथियों को लेकर थाने आया था और रात में हुई घटना में साथियों के घायल होने की शिकायत दर्ज कराने की बात कहने लगा। फिलहाल उसके घायल साथियों के संबंध में जांच की जा रही है। प्रथमदृष्टता साथियों के घायल होने का मामला झूठा प्रतीत हो रहा है।
लाल-नीली बत्ती और हूटर लगे वाहनों से वसूला जुर्माना,कार में लगा जीपीएस बंद करने पर मारा चाकू