उज्जैन। कैबिनेट द्वारा रेल कर्मचारियों के लिए उत्पादकता
आधारित बोनस की घोषणा के तुरंत बाद रतलाम मंडल ने त्वरित कार्रवाई करते
हुए 12,208 रेल कर्मचारियों के लिए कुल ₹21,34,36,525/- (इक्कीस करोड़
चौंतीस लाख छत्तीस हजार पाँच सौ पच्चीस रुपये) की बोनस राशि जारी कर दी।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार इस उपलब्धि के साथ रतलाम मंडल भारतीय
रेलवे के स्तर पर बोनस राशि जारी करने वाला प्रथम मंडल बना है। यह
उपलब्धि मंडल की कार्यकुशलता, त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई तथा लेखा एवं
कार्मिक विभाग के बीच उत्कृष्ट समन्वय को दर्शाती है।
रेलवे कर्मचारियों को दिया जाने वाला उत्पादकता आधारित बोनस उनके योगदान,
कार्यकुशलता एवं उत्पादकता के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण
माध्यम है। बोनस राशि का इतनी शीघ्रता से जारी होना हजारों रेल
कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए प्रसन्नता का विषय है।
इस महत्वपूर्ण कार्य को समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने में वरिष्ठ मंडल
वित्त प्रबंधक नूपुर चौधरी, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक जेठमल
रेगर, कृष्ण कुमार, राजेश मीना, आईटी इंजीनियर अब्दुल
मलिक कुरैशी, आईटी इंजीनियर रघुनाथ महतो, एपीओ दिनेश प्रसाद
तथा लेखा एवं कार्मिक विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का
महत्वपूर्ण योगदान रहा।