उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों के तहत नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित करने और आवागमन सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर नीलगंगा क्षेत्र में प्लेटफॉर्म क्रमांक 8 के सामने मुख्य मार्ग से लगभग 8 से 10 अवैध अतिक्रमण और निर्माण हटाए गए। निगम की रिमूवल गैंग ने जेसीबी की मदद से यह कार्रवाई की।
लोटी तिराहे से नीलगंगा पेशवाई मार्ग तक कार्रवाई
निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान लोटी तिराहे से नीलगंगा पेशवाई मार्ग के बीच प्लेटफॉर्म क्रमांक 8 के सामने किए गए अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश संबंधित जोनल अधिकारी को दिए थे। इस क्षेत्र में कुछ मकानों, दुकानों और गैरेज आदि के सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आवागमन में परेशानी हो र थी।
पेशवाई मार्ग को सुगम बनाने की तैयारी
नीलगंगा तालाब से निकलने वाली पेशवाई इसी मार्ग से होकर गुजरती है। सिंहस्थ महापर्व के दौरान साधु-संतों और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए इस मार्ग को व्यवस्थित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं, ताकि सिंहस्थ के दौरान आवागमन में बाधा न आए।
दो पीपल के पेड़ों का पुनः प्रत्यारोपण
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा गया। निगम द्वारा दो पीपल के पेड़ों को पुनः प्रत्यारोपित कर लोटी स्कूल परिसर में स्थानांतरित किया गया।
कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी मनोज राजवानी, कार्यपालन यंत्री दीपक शर्मा, भवन निरीक्षक योगिता तंवर सहित नगर निगम की रिमूवल गैंग मौजूद रही।