इंदौर। स्कीम नंबर 31 के पटेल नगर स्थित मकान नंबर 53 में निर्माण को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। बिना अनुमति बेसमेंट बनाने और मकान का व्यावसायिक उपयोग किए जाने की शिकायत पर निगम के जोन-18 के भवन अधिकारी ने दामजी पटेल, हरीश पटेल सहित संबंधित लोगों को नोटिस थमा दिया है। अब तीन दिन में दस्तावेज पेश करने होंगे, वरना निगम की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। नोटिस में निर्माण कार्य तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जमीन के स्वामित्व, भवन निर्माण की अनुमति और स्वीकृत नक्शे से जुड़े दस्तावेज तीन दिन के भीतर प्रस्तुत करने को कहा गया है। निगम ने साफ किया है कि तय समय में दस्तावेज नहीं देने पर नगर निगम अधिनियम और भूमि विकास नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। अब निगम के सामने दस्तावेजों की परीक्षा! पटेल नगर के इस मकान में बेसमेंट निर्माण की अनुमति थी या नहीं और भवन का व्यावसायिक उपयोग नियमानुसार हो रहा है या नहीं, इसका जवाब संबंधित दस्तावेजों से ही सामने आएगा। फिलहाल निगम के नोटिस ने संबंधित लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
पटेल नगर में बेसमेंट का खेल! निगम का नोटिस, तीन दिन में दिखाने होंगे जमीन और नक्शे के दस्तावेज