महापौर ने कंठाल चौराहे से सतीगेट होते हुए छत्री चौक तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य का किया निरीक्षण, राजसी सवारी से पहले पूरा होगा निर्माण महाकाल की राजसी सवारी की तैयारियों को लेकर निर्माण कार्य में तेजी, नाली निर्माण और सड़क कार्य समय पर पूरा करने के दिए निर्देश

उज्जैन। बाबा महाकाल की आगामी राजसी सवारी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा कंठाल चौराहे से सतीगेट होते हुए छत्री चौक तक किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्यों का शनिवार को महापौर  मुकेश टटवाल ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्माण कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर श्री टटवाल ने कहा कि बाबा महाकाल की राजसी सवारी से पूर्व कंठाल चौराहे से सतीगेट और छत्री चौक तक का मार्ग पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि वर्तमान में छत्री चौक से खड़े हनुमान होते हुए भगत जी की दुकान तक डीएलसी (ड्राई लीन कंक्रीट) का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि सतीगेट एवं कंठाल चौराहे तक नाली निर्माण और सड़क निर्माण का कार्य तेजी से जारी है।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने ठेकेदार को निर्देशित किया कि नाली निर्माण के दौरान जहां जलभराव की स्थिति है, वहां तत्काल डिवाटरिंग कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही मार्ग के दोनों ओर नालियों का निर्माण शीघ्र पूरा कर सड़क निर्माण कार्य भी निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए।
महापौर ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी और संबंधित ठेकेदार दिन-रात कार्य कर रहे हैं, जिससे राजसी सवारी से पहले पूरा मार्ग तैयार हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के नागरिकों का सहयोग मिलने से कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा होने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्री रजत मेहता, श्री कैलाश प्रजापत, संबंधित उपयंत्री तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment