उज्जैन।नानाखेड़ा थाना क्षेत्र की वसंत विहार कॉलोनी में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक मकान में भीषण आग लग गई। घटना रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई। आग मकान के निचले हिस्से में लगी, जबकि परिवार के पांच सदस्य ऊपर की मंजिलों पर सो रहे थे।सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैलने के कारण मकान में रखा ज्यादातर घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और ऊपर फंसे परिवार के पांचों सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला।शॉर्ट सर्किट से लगी आग-मकान आयुष मोगा का बताया गया है। आग के कारण आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।गैलरी से सीढ़ी लगाकर परिजनों को उतारा-आग लगने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मकान में फंसे परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी परिजनों को गैलरी के पास बुलाया गया। इसके बाद सीढ़ी लगाकर एक-एक कर उन्हें नीचे उतारा गया।
मकान के निचले हिस्से में लगी आग: ऊपर सो रहे थे 5 लोग; पुलिस ने सुरक्षित निकाला