इंदौर। भाजपा में लंबे समय से प्रतीक्षित संगठनात्मक नियुक्तियों का सिलसिला अब गति पकड़ने लगा है। भोपाल में हुई संगठनात्मक बैठकों के बाद पार्टी नेतृत्व ने अलग-अलग पदों पर जिम्मेदारियां सौंपना शुरू कर दिया है। एक के बाद एक हो रही घोषणाओं ने संगठन में नई हलचल पैदा कर दी है। खास बात यह है कि अब तक इंतजार कर रहे मोर्चा, प्रकोष्ठ और संगठन की विभिन्न इकाइयों से जुड़े दावेदारों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।नियुक्तियों के इसी क्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता बाबू सिंह रघुवंशी को प्रदेश अनुशासन समिति का संयोजक बनाया गया है। वहीं विधायक मधु वर्मा को वित्त समिति का सदस्य और दीपक जैन टीनू को प्रदेश सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों को संगठन में लंबे समय से खाली पड़े दायित्वों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
*किसान मोर्चा नगर की 31 सदस्यीय टीम घोषित-इसी बीच भाजपा किसान मोर्चा इंदौर महानगर की नगर कार्यकारिणी की घोषणा भी कर दी गई है। नगर अध्यक्ष रजनीश वर्मा की ओर से जारी सूची में कुल 31 पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। घोषित सूची में पांच उपाध्यक्ष, दो महामंत्री और पांच मंत्रियों को स्थान दिया गया है। इसके अलावा एक कोषाध्यक्ष, दो सह कोषाध्यक्ष, एक कार्यालय मंत्री और दो सह कार्यालय मंत्रियों की नियुक्ति की गई है।
संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए एक मीडिया प्रभारी और दो सह मीडिया प्रभारी बनाए गए हैं। वहीं सोशल मीडिया के संचालन के लिए एक प्रभारी और दो सह प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। आईटी विभाग में एक प्रभारी और एक सह प्रभारी को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अतिरिक्त मन की बात के लिए एक प्रभारी और एक सह प्रभारी, निधि एवं शोध विभाग में एक प्रभारी और एक सह प्रभारी तथा प्रशिक्षण वर्ग के लिए एक प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस तरह किसान मोर्चा नगर की नई टीम में संगठनात्मक, प्रचार-प्रसार, तकनीकी और वैचारिक गतिविधियों के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
अनुसूचित जाति मोर्चा ग्रामीण की कार्यकारिणी भी घोषित-दूसरी ओर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा इंदौर ग्रामीण की जिला कार्यकारिणी भी घोषित की जा चुकी है। मोर्चा जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर छापोला ने भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा की सहमति और वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में 40 से अधिक पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।घोषित कार्यकारिणी में छह जिला उपाध्यक्ष, एक जिला महामंत्री और छह जिला मंत्रियों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा कोषाध्यक्ष, सह कोषाध्यक्ष, कार्यालय मंत्री, मीडिया प्रभारी, आईटी और सोशल मीडिया सहित विभिन्न विभागों में पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। प्रबुद्धजन, नीति एवं शोध, छात्रावास, हितग्राही, मन की बात, जनप्रतिनिधि और स्व सहायता विभागों में भी प्रमुख एवं सह प्रमुख नियुक्त किए गए हैं।
*अब किसकी बारी?-भाजपा में नियुक्तियों की शुरुआत होने के साथ ही सबसे ज्यादा उत्सुकता उन पदों को लेकर है, जिनकी घोषणाएं अभी बाकी हैं। विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्ष, कार्यकारिणी, प्रकोष्ठों और संगठन के अन्य दायित्वों के लिए कई नेता अपनी दावेदारी जता चुके हैं। भोपाल की बैठकों के बाद जिस तरह नियुक्तियों का सिलसिला आगे बढ़ रहा है, उससे इन दावेदारों को भी जल्द फैसले की उम्मीद बंधी है।
राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा तेज है कि अगली सूची किस मोर्चे या प्रकोष्ठ की आएगी। संगठन में सक्रियता, वरिष्ठ नेताओं से नजदीकी और लंबे समय से पार्टी के लिए किए गए काम के आधार पर कई चेहरे अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में होने वाली नियुक्तियां इंदौर भाजपा की संगठनात्मक राजनीति की दिशा तय करने में अहम मानी जा रही हैं।
*IDA की दौड़ से बाहर हुए दीपक जैन टीनू?-
भाजपा की इस नियुक्ति के साथ दीपक जैन टीनू की राजनीतिक दावेदारी को लेकर भी नई चर्चा शुरू हो गई है। टीनू पूर्व में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 से टिकट के दावेदारों में शामिल थे। इसके बाद नगर अध्यक्ष पद को लेकर भी उनका नाम चर्चाओं में रहा। हाल ही में वे इंदौर विकास प्राधिकरण की दौड़ में भी दावेदार माने जा रहे थे।अब उन्हें प्रदेश सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं कि क्या इस नियुक्ति के साथ IDA को लेकर उनकी दौड़ सह कोषाध्यक्ष पर खत्म हो गई हे ?