पत्नी -बेटे ने की सिर कुचलकर पिता की हत्या: ; आमडी की खाल में फेंकी लाश, दोनों गिरफ्तार

उज्जैन।तराना क्षेत्र के ग्राम कनासिया स्थित आमडी में पानी से भरी खाल में मिली लहूलुहान लाश के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और बेटे को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पत्थर से सिर कुचलकर वारदात को अंजाम दिया था।पुलिस के मुताबिक, सोमवार को आमडी की खाल में एक व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ मिला था। सूचना पर थाना तराना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की।जांच में मृतक की पहचान मदनलाल सोलंकी, निवासी ग्राम नायता पोलाय, जिला देवास के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की बारीकी से पड़ताल की तो चौंकाने वाला खुलासा सामने आया।पुलिस के अनुसार, मदनलाल शराब पीने का आदी था। नशे की हालत में वह आए दिन परिवार और आसपास के लोगों से विवाद व मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना और घरेलू कलह से परेशान होकर उसकी पत्नी सौरम बाई और बेटे संजू सोलंकी ने मिलकर पत्थर से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को छिपाने के लिए आमडी की खाल में फेंक दिया गया।पुलिस ने सौरम बाई और संजू सोलंकी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मंगलवार को मृतक के परिजन तराना थाने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या में दो-तीन अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। परिजनों ने हत्याकांड में शामिल संभावित अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की मांग की है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment