ठेका सफाईकर्मियों को कम वेतन, शिकायत पर डराने का आरोप

 खरगोन। नगर पालिका परिषद में ठेका कंपनी के अधीन काम कर रहे सफाईकर्मी कंपनी के रवैये से नाराज है। गुरुवार को कंपनी पर शोषण करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम को शिकायत दर्ज कराई है। सफाईकर्मियों का आरोप है कि ठेकेदार तय दर से कम वेतन दे रहा है, विरोध करने पर काम से निकालने की धमकी दी जाती है।एसडीएम के नाम सौंपे ज्ञापन में मौसाद खान, इरफान, फरदीन, इस्माईल, सोहेल आदि ने बताया कि सफाई कार्य का ठेका गजानन सिक्योरिटी फोर्स निजी लिमिटेड ने लिया है। कंपनी के अधीन 55 सफाई कर्मी कार्यरत है। कलेक्टर दर से कम वेतन तय होने के बाद भी कम वेतन दिया जा रहा है। वेतन भुगतान में मनमानी की जा रही है, जिससे उनके परिवारों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि कम वेतन देने का विरोध करने पर एक महिला सफाई कर्मचारी पूजा पति संदीप को सादे कागज पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। इसी प्रकार, अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने से भी कर्मचारियों में भय और दबाव का वातावरण बना है।शिकायत में आशंका जताई गई है कि कर्मचारियों की शिकायतों के कारण उनके विरुद्ध सेवा समाप्ति या अन्य प्रतिकूल कार्रवाई उनके वैधानिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन है। शिकायतकर्ताओं ने एसडीएम से तीन बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच कराने की मांग है। इसमें ठेका एजेंसी और नगर पालिका के बीच अनुबंध की शर्तों और वेतन भुगतान व्यवस्था की जांच, कर्मचारियों को भुगतान किए गए वेतन की बैंक स्टेटमेंट व वेतन पर्ची जैसे अभिलेखों से जांच, तथा यह सुनिश्चित करना शामिल है कि कर्मचारियों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का पूरा भुगतान हो रहा है या नहीं।
……………………….
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment