इंदौर। मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना में इंदौर जिले के चारों विकासखंडों में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं एवं कथित भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। भारतीय किसान एवं मजदूर सेना (अ) के अध्यक्ष बबलू जाधव ने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त दस्तावेजों तथा हितग्राहियों के घर-घर जाकर किए गए स्थलीय सत्यापन के आधार पर पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जाँच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
बबलू जाधव ने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति एवंअनुसूचित जनजाति के गरीब हितग्राहियों के नाम पर योजना का लाभ स्वीकृत किया गया, लेकिन कई मामलों में भैंसें वास्तविक हितग्राहियों के घरों पर मिलने के बजाय अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों के घरों पर बंधी होने की जानकारी सामने आई है। कई हितग्राहियों के घर पर भैंसें नहीं मिलीं। वहीं योजना के अभिलेखों में दर्ज मोबाइल नंबरों में भी कथित हेरफेर की शिकायत सामने आई है।
उन्होंने बताया कि कुछ मामलों में एक ही परिवार के दो-दो व्यक्तियों को योजना का लाभ दिए जाने की जानकारी मिली है। पशुओं की वास्तविक खरीद, भुगतान, बीमा, टैगिंग, परिवहन एवं हितग्राहियों को पशु सुपुर्द किए जाने से संबंधित दस्तावेजों की भी गहन जाँच आवश्यक है।
एक माह बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं, विभाग की चुप्पी पर सवाल- —
गंभीर अनियमितताओं को लेकर उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग, इंदौर को लिखित शिकायत सौंपे हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो कोई ठोस कार्रवाई सामने आई है और न ही जाँच की प्रगति की जानकारी दी गई है। विभाग की इस चुप्पी से यह गंभीर आशंका उत्पन्न हो रही है कि कहीं न कहीं मामले को दबाने और जिम्मेदार लोगों को संरक्षण देने का प्रयास तो नहीं किया जा रहा है। आखिर गरीब एवं
वंचित वर्ग के हितग्राहियों के अधिकारों से जुड़े इतने गंभीर मामले में विभाग कार्रवाई करने से पीछे क्यों हट रहा है?
गरीब हितग्राहियों के नाम पर स्वीकृत सरकारी सहायता आखिर किन लोगों तक पहुँच रही है? यदि योजना का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्ति के बजाय अन्य व्यक्तियों को मिला है, तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय होना आवश्यक है।
संगठन की प्रमुख मांग है कि इंदौर जिले के चारों विकासखंडों में लाभान्वित सभी हितग्राहियों का घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन कराया जाए। मूल आवेदन, मोबाइल नंबर, बैंक भुगतान, पशु खरीद, बीमा एवं टैगिंग रिकॉर्ड का मिलान किया जाए। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के हितग्राहियों के नाम पर दूसरों को लाभ पहुँचाने के मामलों की प्राथमिकता से जाँच हो तथा एक ही परिवार में एक से अधिक व्यक्तियों को दिए गए लाभ की पात्रता भी संबंधित नियमों के अनुसार जाँची जाए।
जाँच में यदि अधिकारी, कर्मचारी, बिचौलिए या अन्य व्यक्ति दोषी पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा अनुचित तरीके से प्राप्त शासकीय राशि की वसूली भी की जाए। वास्तविक पात्र हितग्राहियों को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाए।
उच्चस्तरीय जाँच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी- इस मामले में शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन, मुख्य सचिव, संभागायुक्त इंदौर एवं कलेक्टर इंदौर को भी भेजी गई है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि एक माह बीतने के बावजूद विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं करना गंभीर सवाल खड़े करता है।
यदि अब भी निष्पक्ष एवं समयबद्ध जाँच शुरू नहीं की गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो भारतीय किसान एवं मजदूर सेना वरिष्ठ अधिकारियों एवं संबंधित जाँच एजेंसियों के समक्ष मामला उठाने के साथ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। गरीब हितग्राहियों के अधिकारों और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।