मोहाली। दिल्ली में तिलक नगर से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि लॉरेंस गैंग ने अरविंद केजरीवाल से 7 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है।खुद को लॉरेंस गैंगका सदस्य बताने वाले एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके फोन और वॉट्सऐप मैसेज के जरिए यह धमकी दी है।दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह ने कहा- 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 6 बजे उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और वॉट्सऐप मैसेज आया। वॉट्सऐप प्रोफाइल पर “~ $H” नाम प्रदर्शित हो रहा था।
आरोपी ने मैसेज में लिखा, “लॉरेंस गैंग से हूं, अरविंद केजरीवाल को बोल दे 7 करोड़ दे दो नहीं तो अरविंद केजरीवाल और उसकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मार दूंगा।”उनकी शिकायत पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज हुआ है। हालांकि, न्यूज एजेंसी IANS ने दावा किया है कि मोहाली पुलिस की इन्वेस्टिगेशन में यह धमकी फर्जी पाई गई है। यह धमकी लॉरेंस गैंग के नाम पर रोहतक (हरियाणा) के कॉलर ने वॉट्सऐप मैसेज और कॉल के माध्यम से दी थी। हालांकि, किसी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।