इंदौर। बदमाशों के बढ़ते हौसलों का एक मामला सामने आया है। परदेशीपुरा क्षेत्र के कुछ युवक हाथों में चाकू लेकर इंस्टाग्राम पर लाइव आए। वीडियो में युवक शराब के नशे में हथियार लहराते और अपशब्द बोलते नजर आ रहे हैं। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है।जानकारी के अनुसार वीडियो परदेशीपुरा क्षेत्र के बदमाश विशाल धनगर और उसके साथियों का बताया जा रहा है। दो दिन पहले विशाल धनगर का जन्मदिन था। इसी मौके पर एक होटल में पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी के दौरान विशाल अपने साथियों के साथ इंस्टाग्राम पर लाइव आया।वीडियो में विशाल धनगर के साथ सुमित धनगर और साहिल काले भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवकों के हाथों में कई बड़े और छोटे चाकू नजर आ रहे हैं। बदमाशी वाले गानों पर वे चाकू लहराते हुए डांस कर रहे हैं और शराब पीते दिखाई दे रहे हैं।लाइव के दौरान युवकों ने क्षेत्र के एक अन्य बदमाश लोकेश खोपड़े का नाम लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। सूत्रों के मुताबिक कुछ समय पहले एक अन्य बदमाश के घर पर बम फेंकने के मामले में भी इन युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था।