इंदौर।इंदौर में निजी अस्पताल के मेडिकल कर्मचारी के क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने अमेजन शॉपिंग ऐप के जरिए दिल्ली के पते पर तीन मोबाइल बुक किए। बैंक से ट्रांजेक्शन का मैसेज मिलने के बाद कर्मचारी ने कार्ड ब्लॉक कराया और संयोगितागंज थाने में शिकायत की। पुलिस ने बुधवार को मामले में एफआईआर दर्ज की।ड्यूटी के दौरान आया ट्रांजेक्शन का मैसेज-संयोगितागंज पुलिस के मुताबिक, संगम नगर निवासी सुनील शर्मा की शिकायत पर ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज किया गया है। सुनील एक निजी अस्पताल में फार्मेसी का काम करते हैं। 25 सितंबर को जब वे अस्पताल में ड्यूटी पर थे, उसी दौरान उनके बैंक से क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल का मैसेज आया।मैसेज में खाते से 80 हजार रुपए से ज्यादा कटने की जानकारी मिली। ट्रांजेक्शन अमेजन शॉपिंग ऐप पर हुआ था। सुनील ने अमेजन के कस्टमर केयर से संपर्क किया तो पता चला कि ऐप से तीन मोबाइल खरीदे गए हैं। इनका कुल पेमेंट करीब 1 लाख 22 हजार रुपए था। इसके बाद सुनील ने तुरंत अपना क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करा दिया।