अफीम तस्करी में शामगढ जीआरपी थाना प्रभारी रिमांड पर -जीरन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में किया था पेश

उज्जैन। संभाग के नीमच जिला अंतर्गत अफीम तस्करी प्रकरण में जीरन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमच के पूर्व जीआरपी थाना प्रभारी एवं वर्तमान में शामगढ़ जीआरपी थानाप्रभारी मूल पद एएसआई कन्हैयालाल भाटी को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है। इस दौरान श्री भाटी ने मिडिया को कहा कि उन्हे झूठा फंसाया गया है। मैंने किसी को अफीम नहीं दी है।
जीरन थाना प्रभारी उमेश यादव  ने बताया कि शुक्रवार को श्री भाटी को मूल आरोपी के मेमोरेंडम एवं बयान के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियां सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय एनडीपीएस एक्ट के समक्ष पेश किया गया था। न्यायालय ने एएसआई भाटी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है। उनका मेडिकल करवाया गया है। रिमांड के दौरान उनसे मूल आरोपी मंगलसिंह द्वारा डेढ किलो अफीम उनसे खरीदने की पुष्टि एवं प्रमाण एकत्रित किए जाएंगे। प्रारंभिक स्थिति में मूल आरोपी एवं श्री भाटी के बीच के साक्ष्य सामने आए हैं।
ये है पूरा मामला-
7 जुलाई को जीरन थाना पुलिस ने एक व्यक्ति से केस्ट्रोल की हरे रंग की बाल्टी मे भरा 4 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम जप्त किया था। पुलिस ने सीमखेडा फंटा महु नीमच हाईवे रोड पर एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ अफीम लेकर जाने की मुखबीर सूचना पर यह कार्रवाई की थी। पुलिस ने सूचना स्थल से मंगलसिह पिता कुशालसिह निवासी सीमखेडा को हडबडाने पर पुलिस सहायता केन्द्र हर्कियाखाल पर अग्रिम कार्यवाही की। आरोपी मंगलसिह पिता कुशालसिह के कब्जे वाली केस्ट्रोल की हरे रंग की बाल्टी मे भरा 4 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम जप्त कर उसके विरूध्द अपराध पंजीबध्द कर जांच शुरू की थी। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने 1.5 किलो अफीम शामगढ जीआरपी थाना प्रभारी एएसआई कन्हैयालाल भाटी से लेने की जानकारी पुलिस को दी थी। इस पर मेमोरेंडम लेकर उसके बयान करवाए गए। एएसआई भाटी को बुलाकर उनके बयान लेने पर संदिग्ध स्थिति उजागर हुई और उन्होंने इसे  स्वीकारा। इस पर पुलिस ने मेमोरेंडम लेकर शुक्रवार को उन्हें गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर सौंपा गया है।
मुझे झूठा फंसाया गया है-भाटी
कोर्ट में पेशी के लिए ले जाते समय मीडिया से बातचीत में कन्हैयालाल भाटी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा, मुझे झूठा फंसाया गया है। मैंने किसी को अफीम नहीं दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपी के बयान उसके स्वयं के हैं। मामले में वास्तविक स्थिति न्यायिक प्रक्रिया और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment