सुसनेर। नगर में फूल माली समाज द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीराम दरबार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, आस्था एवं भक्तिभाव के साथ जारी है। महात्मा ज्योतिबा फुले धर्मशाला मालीपुरा स्थित धर्मशाला में प्रतिदिन वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। धार्मिक आयोजन को लेकर समाजजनों सहित नगरवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन धर्मशाला पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
महोत्सव के अंतर्गत यज्ञशाला में सुबह से ही पूजन, हवन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम प्रारंभ हो जाता है। वैदिक आचार्य पंडित वेद प्रकाश भट एवं पंडित गोविंद शर्मा के सानिध्य में विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया जा रहा है। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि एवं हवन की सुगंध से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आ रहा है।
श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ यज्ञ में आहुति देकर परिवार एवं नगर की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार यज्ञ को सफल बनाने हेतु समाज के विभिन्न यजमान प्रतिदिन यज्ञशाला में बैठकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभा रहे हैं।
मुख्य यजमान के रूप में पवन नंदलाल मंडावरा शामिल हुए। प्रथम दिवस पर पिंटू मंडावरा, कालू माली, जीतमल मंदिर वाला एवं जगदीश राजोरा यजमान के रूप में शामिल हुए। वहीं द्वितीय दिवस पर नेमीचंद माली, शिव नारायण एवं लोकेश राजोरिया ने यज्ञ में आहुतियां देकर धर्म लाभ प्राप्त किया। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। समाजजनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था भी की गई है। आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव के अंतिम दिन 14 मई को नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम दरबार की प्रतिमा स्थापना एवं मंदिर शिखर पर कलश स्थापना का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात नगर में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी तथा शाम को महाप्रसादी एवं भोजन प्रसाद का वितरण किया जाएगा। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी मनोज माली ने दी।