शाम ढलने पर हवा ने बदला मौसम का मिजाज -गर्मी से मिली राहत, तापमान में आई गिरावट

उज्जैन। भीषण गर्मी के दौर में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। सोमवार शाम ढलने पर हवा ने एक बार फिर मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल दिया। दिन में बादलों की आवाजाही से उमस बढ़ने लगी थी, लेकिन अंधेरा होने पर गर्मी से राहत मिली और बारिश की संभावना नजर आने लगी थी।
अप्रैल माह का अंतिम सप्ताह शुरू होते ही तापमान में तेजी आने लगी थी, 25 अप्रैल को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा था और तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया था। 27-28 अप्रैल को न्यूनतम भी 26 डिग्री पहुंच गया था। ऐसा लग रहा था कि मई माह में तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच जायेगा। लेकिन 30 अप्रैल से दिन-रात के तापमान में गिरावट आने लगी। मई माह की शुरूआत होने पर तापमान 40 डिग्री दर्ज हो रहा था, सोमवार को 39 डिग्री दर्ज हुआ। दिन में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी। तभी शाम को अचानक हवा की रफ्तार तेज हो गई और मौसम पूरी तरह से बदल गया। ठंडी हवा से गर्मी से राहत महसूस हो रही थी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर मौसम में बदलवा आया है। 2 से 3 दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा और तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज होगा। प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा के साथ आंधी-बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment