शहीद टीआई पुरी को दी श्रद्धांजलि,अर्पित कर कैंडल मार्च निकाल अवैध शराब के खिलाफ बुलंद की आवाज

सनावद। देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करों को रोकने के दौरान ट्रक से कुचलकर शहीद हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी को सनावद में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान आम नागरिकों ने पुलिस थाना परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर कैंडल मार्च निकाला और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।रात में थाना परिसर में शहीद टीआई दिलीप पुरी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किए गए। इसके बाद नागरिक हाथों में मोमबत्तियां लेकर नगर की सड़कों पर निकले और शहीद अधिकारी को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया।श्रद्धांजलि सभा में पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि देवास एसपी आदित्य मिश्रा को हरदा से गुजरात की ओर अवैध शराब से भरा ट्रक जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की पांच टीमें गठित की गईं। इनमें एक टीम का नेतृत्व टीआई दिलीप पुरी कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान शराब तस्करों ने ट्रक से उन्हें कुचल दिया, जिसमें उनकी शहादत हो गई।इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है, जो पूरे शराब तस्करी नेटवर्क की पड़ताल करेगा। पुलिस ने ट्रक मालिक और कथित शराब माफिया कैरम सिंह को आलीराजपुर से गिरफ्तार किया है। ट्रक से करीब 1800 लीटर अवैध शराब भी जब्त की  है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment