सारंगपुर। सारंगपुर नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के क्रम में मंगलवार को वार्ड क्रमांक 15, आदर्श नगर कॉलोनी में नई सीसी रोड के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। करीब 5.85 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सडक का निर्माण का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पूजा-अर्चना कर कार्य का श्रीगणेश किया।
विकास कार्यों में गुणवत्ता प्राथमिकता
इस दौरान नपा अध्यक्ष पंकज पालीवाल ने कहा कि शहर के हर वार्ड का समान विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने ठेकेदार और संबंधित इंजीनियरों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रहे और कॉलोनी वासियों को कीचड व ऊबड-खाबड रास्तों से निजात मिल सके।
जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य रूप से राकेश पुष्पद पार्षद एवं सक्रिय साथी वार्ड के गणमान्य नागरिक और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने सडक निर्माण शुरू होने पर खुशी जाहिर की और नगर पालिका अध्यक्ष व पार्षद का आभार व्यक्त किया। वार्ड वासियों का कहना है कि इस सीसी रोड के बनने से आवागमन सुगम होगा और कॉलोनी की स्वच्छता में भी सुधार आएगा।
वार्ड 15 में 5.85 लाख की सीसी रोड का निर्माण शुरू