राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर भीषण हादसा:अर्टिगा कार ट्रक से टकराई, तीन की मौत, दो गंभीर

सारंगपुर।सारंगपुर से करीब 7 किमी दूर राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर सांई बायो फ्यूल पंप के सामने मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगो की मौत हो गई। धौलपुर से उज्जैन महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए निकले एक ही परिवार के सदस्यों से भरी अर्टिगा कार क्रमांक आरजे 11 यूए 4989 सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन डंपर क्रमांक एमपी 04 एचई 5797 में पीछे से जा घुसी। इस भीषण दुर्घटना में परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार दो बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
ओवरटेकिंग के दौरान हुआ हादसा-प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के धौलपुर निवासी त्रिवेदी परिवार 11 अगस्त की रात्रि अपनी अर्टिगा कार से धार्मिक यात्रा पर उज्जैन के लिए रवाना हुआ था। कार को चालक अब्दुल पिता आबिद खान चला रहा था।मंगलवार सुबह लगभग 05.30 बजे एनएच-52 पर सांई बायो फ्लयू पंप एवं शिमला होटल के सामने चालक अपनी तेज रफ्तार कार से आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सड़क के किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन डंपर को वह देख नहीं सका और कार क्लीनर साइड की तरफ से डंपर के पिछले हिस्से में तेजी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला और साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
3 लोगों की मौके पर मौत, 2 गंभीर घायल-पुलिस थाना प्रभारी राहुल सिंह रघुवंशी ने बताया कि दुर्घटना के समय कार में चालक सहित कुल 7 लोग सवार थे। हादसे में त्रिवेदी परिवार के तीन सदस्यों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिनकी पहचान सोमा पति सुनील त्रिवेदी उम्र 65 वर्ष, अंकुर पिता सुनील त्रिवेदी उम्र 42 वर्ष, अर्चना पति अंकुर त्रिवेदी उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई, जबकि  कार में सवार निहाल पिता अतुल तिवारी उम्र 22 वर्ष और चालक अब्दुल को काफी गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में दो मासूम बच्चे अंश पिता अंकुर त्रिवेदी उम्र 14 वर्ष और तेजस पिता अंकुर त्रिवेदी 10 वर्ष सुरक्षित बच गए हैं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, घायलों को किया रेफर-घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। घटना स्थल पर एसडीओपी अरविंद सिंह, थाना प्रभारी श्रीरघुवंशी सहित अन्य बल पहुंचा।सूचना मिलते ही तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया था। गंभीर रूप से घायल निहाल और चालक अब्दुल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल शाजापुर रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मृतकों के शवों को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
..

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment