मुरैना की गैंग से 7 चोरी की वारदातों का हुआ खुलासा दिन में करते थे मजदूरी, रात को मकानों के तोड़े थे ताले

उज्जैन। नर्मदा परियोजना में बन रही पानी की टंकी पर मजदूरी के लिये आये मुरैना के बदमाश दिन में काम करते थे और रात को सूने मकानों के ताले तोड़ते थे। बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा तो चार थाना क्षेत्र में हुई सात चोरी की वारदातों का खुलासा हो गया।
भाटपचलाना क्षेत्र में एक माह के दौरान चार चोरी की वारदात हो गई थी। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान परिवारों के यहां हो रही चोरी में शामिल बदमाशों की धरपकड़ के लिये ग्रामीण एएसपी करणदीपसिंह ने अनुविभागीय अधिकारी आकांक्षा बेछोटे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सत्येन्द्रसिंह चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की। ग्रामीण क्षेत्रों से प्रमुख मार्गो पर लगे 100 के लगभग सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गये। चार से पांच बदमाशों का बाइक पर मूवमेंट दिखाई दिया। टीम ने रूट ट्रेस कर पुलिस की टीम उन्हेल तक पहुंच गई। जहां किराये से मकान लेकर रहने वाले राहुल उर्फ बल्ली पिता सुरतराम कुशवाह 32 साल, अंकित पिता जीवाराम जाटव 26 साल, विजय पिता भगवानसिंह कुशवाह 30 साल, पन्नालाल पिता रामदास जाटव 36 साल और एंदलसिंह पिता मुंशी गुर्जर 44 साल निवासी नाका थाना माता बसैया मुरैना को पकड़ा गया। पांचों को पूछताछ के लिये भाटपचलाना लाया गया। जहां पूछताछ में पांचों नर्मदा परियोजना में बन रही पानी की टंकी पर मजदूरी करना बताने लगे। लेकिन कैमरों से मिले सुराग के आधार पर सख्ती से पूछताछ की गई तो पांचों ने दिन में मजदूरी और रात में ग्रामीण क्षेत्रों के सूने मकानों को निशाना बनाना कबूल कर लिया। थाना प्रभारी सत्येन्द्रसिंह चौधरी ने बताया कि बदमाशों से भाटपचलाना में हुई चार, नागदा, इंगोरिया और उन्हेल में हुई 1-1 चोरी की वारदातों का खुलासा हो गया। सात वारदातों का सुराग मिलने पर बदमाशों का रिमांड पर लिया गया और किराये के मकान में छुपाकर रखे गये 8.75 लाख के आभूषण, 1.52 लाख नगद और चोरी में प्रयुक्त एक लाख कीमत की 2 बाइक के साथ बदमाशों से ताला तोड़ने का बोल्ट कटर, टामी, सब्बल, पेचकस जप्त किया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार  मजदूरी के आड़ में शिवपुरी, मुरैना, ग्वालियर, पन्ना के साथ उज्जैन में करीब 15 चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके है। बदमाशों में शामिल राहुल उर्फ बल्ली के खिलाफ 15, अंकित पर 7, विजय पर 8 और पन्नालाल के खिलाफ 8 अपराधिक मामले पूर्व में दर्ज होना सामने आये है। चोरियों का खुलासा होने पर इंगोरिया, नागदा और उन्हेल पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिये भाटपचलाना पहुंच गई थी। भाटपचलाना पुलिस ने रिमांड खत्म होने पर बदमाशों को जेल भेजा है।
सिकलीगरों ने तोड़े थे नागदा में मकानों के ताले
नागदा पुलिस ने पिछले 8-9 माह के दौरान हुई 2 बड़ी चोरी की वारदातों में धार-खरगोन के तीन सिकलीगरों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने बताया कि सितंबर 2025 में ग्राम मोहना के जगदीश और एक माह पहले सुनील नगर में रहने वाले आजाद के मकान में चोरी होना सामने आया था। वारदात के बाद फुटेज मिले थे। जिसके आधार पर बदमाशों का पता लगाया जा रहा है। सुराग मिलने पर धार के गंधवानी में रहने वाले दीपक पिता समंदरसिंह उर्फ लुलिया भाटिया, शिवराज पिता हरपालसिंह छाबड़ा और खरगोन के सिगनूर निवासी रतलाम पिता नहारसिंह को गिरफ्तार किया गया। तीनों सिकलीगर है और चाबी बनाने का काम करते है। इसी की आड़ में नागदा आकर दोनों मकानों में वारदात की थी। तीनों की निशानदेही पर 27.50 लाख के आभूषण, 70 हजार नगद और 50 हजार कीमत की बाइक बरामद की गई है। थाना प्रभारी गवरी  के अनुसार लम्बी तलाश के बाद सिकलीगरों को गिरफ्तार करने में साइबर सेल एसआई प्रतीक यादव के साथ एएसआई अरविंद गणावा, प्रधान आरक्षक प्रकाश यादव, सुशील मिश्रा, विनोद माली और टीम की भूमिका रही।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment